राची, झारखण्ड | अक्टूबर 28, 2024 ::
आगामी विधानसभा आम चुनाव 2024 (13 नवंबर) को लेकर रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन के सहयोग से सहायक उपसमाहर्ता आदित्य पांडेय के दिशा-निर्देश में समाजसेवी डॉ. दीपक गुप्ता द्वारा मतदान जागरूकता अभियान लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में, सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम जिम्नास्टिक खिलाड़ियों के बीच आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. दीपक गुप्ता ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए एक प्रेरणादायक भाषण दिया। उन्होंने कहा, “चुनाव वह अवसर है, जब एक-एक वोट की कीमत लोकतंत्र के भविष्य को तय करती है। हम सबके पास यह शक्ति है कि हम अपने समाज, अपने प्रदेश और अपने देश को एक नई दिशा दें। पिछले चुनाव में कुछ बूथों पर कम मतदान देखा गया था। इस बार, आइए यह प्रण लें कि हम खुद भी वोट डालेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा आस-पास के लोगों को भी जागरूक करेंगे। हर वोट की गूंज विधानसभा तक जाएगी, इसलिए आपका हर एक वोट अनमोल है।”
डॉ. गुप्ता ने आगे कहा, “आप सभी खिलाड़ी हैं और एक अनुशासित जीवन के प्रतीक हैं। आपके प्रयासों से न सिर्फ आप, बल्कि आपके आसपास का समाज भी प्रेरणा लेगा। 13 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर जाकर लोकतंत्र को मजबूत करने का यह सुनहरा अवसर न छोड़ें। देश आपसे उम्मीद करता है, और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में इस बार अपने बूथ पर सबसे पहले पहुंचें। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।”
कार्यक्रम में खिलाड़ियों को मतदान के महत्व को समझाते हुए शपथ दिलाई गई। साथ ही, सभी से यह अपील की गई कि वे अपने परिवार, मित्रों और आस-पास के पाँच-पाँच लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करें और एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं।




