नई दिल्ली। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 5 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली के अफ्रीका एवेन्यू स्थित डिफेंस ऑफिस कॉम्प्लेक्स में नवनिर्मित मल्टी-लेवल कार पार्किंग सुविधा के उद्घाटन के अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए कहा, “शहरी अवसंरचना के विकास/उन्नयन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है।”
इस परियोजना को कार्यालय में पार्किंग की समस्या को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि महानगरों में, जहां जमीन एक दुर्लभ संसाधन है, बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं का समाधान उन्नत प्रौद्योगिकी के उपयोग से ही संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की पहल से कार्यस्थल की कार्यक्षमता बढ़ती है और पारंपरिक तकनीकों से आधुनिक और उन्नत तकनीकों की ओर बदलाव होता है।
समयबद्ध तरीके से परियोजना को पूरा करने के लिए सीपीडब्ल्यूडी के प्रयासों की सराहना करते हुए, श्री संजय सेठ ने एमपी फ्लैट्स, कर्तव्य भवन और एक्जीक्यूटिव एन्क्लेव जैसी अन्य नवनिर्मित इमारतों की गुणवत्ता, सुविधा और सौंदर्य की भी प्रशंसा की, जिनका निर्माण सीपीडब्ल्यूडी द्वारा किया गया था।
इस 14 मंजिला बहुस्तरीय पार्किंग में उपलब्ध भूमि पर अधिकतम पार्किंग स्थान बनाने के उद्देश्य से पूर्णतः स्वचालित रोबोटिक (डॉली) तकनीक का उपयोग किया गया है। 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह सुविधा पारंपरिक पार्किंग की तुलना में स्थान उपयोग में 60% अधिक कुशल है। इस सुविधा में सीसीटीवी निगरानी और अग्नि सुरक्षा प्रणाली भी लगी हुई है। इस तकनीक के उपयोग से लिफ्ट लॉबी में प्रवेश करने के बाद न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप और शून्य वाहन उत्सर्जन सुनिश्चित होता है।




