रांची, झारखण्ड | अगस्त | 30, 2021 :: अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मन्दिर में दिनाँक 30 अगस्त 2021 को श्री कृष्ण जन्माष्टमी मोहत्सव अत्यन्त श्रद्धा व उत्साह पूर्वक आयोजित किया गया । इस अवसर पर लड्डू गोपाल को नवीन कलात्मक पोशाक पहना कर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया । अत्यन्त सुन्दर रजत ( चाँदी ) के झूले पर लड्डू गोपाल का मनमोहक श्रृंगार किया गया । विभिन्न रंगों से सुसज्जित लड्डू गोपाल का स्वरूप अत्यन्त मनमोहक लग रहा था – इत्र की खुशबू से मन्दिर परिसर महक रहा था । सम्पूर्ण मंदिर में रंग बिरंगी विद्युत की झालरों व बैलूनों से सजाया गया । रजत सिंघासन पर विराजमान श्री श्याम प्रभु का भी विशेष श्रृंगार किया गया ।
कोरोना गाइड लाइन के कारण मन्दिर में भक्तों का प्रवेश बन्द रहा । हज़ारो भक्तों ने श्री कृष्ण के बाल स्वरूप का ऑन लाइन दर्शन किया । रात्रि 12 बजे प्रधान आचार्य श्री राजेश शर्मा ने शंख ध्वनि व डोल नगाड़ों की मधुर ध्वनि के बीच भगवान की आरती की । लड्डू गोपाल को माखन मिश्री – पेड़ा , पंजीरी व पंचामृत का भोग अर्पित किया गया । मंत्रोचार के पश्चात मन्दिर के पट बन्द कर दिये गये ।




