Breaking News Latest News झारखण्ड लाइफस्टाइल

स्मृति शेष पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर समाहरणालय में रक्तदान शिविर 

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन एवं उपविकास आयुक्त श्री संजय भगत ने किया रक्तदान

जिलास्तरीय पदाधिकारियों/कर्मियों ने भी किया रक्तदान, 28 यूनिट रक्त का हुआ संग्रह

सभी रक्तदाताओं को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

सिकल सेल पीड़ितों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री को गुलाब भेंट कर रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए जताया आभार

 

स्मृति शेष पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आज समाहरणालय, रांची के ब्लॉक-A, प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या-108 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा एवं मानवता के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन एवं के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।

इस अवसर पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन तथा उपविकास आयुक्त, रांची श्री संजय भगत ने रक्तदान किया। तीनों वरीय अधिकारियों ने रक्तदान कर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता एवं प्रेरणा का संदेश दिया। शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के जीवन रक्षक उपचार में उपयोगी होगा।

 

इस अवसर पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी भी व्यक्ति द्वारा दान किया गया रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए ताकि रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया तथा रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे सिकल सेल सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

 

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन तथा अन्य पदाधिकारियों ने स्मृति शेष पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके समाज एवं राज्य के विकास में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया।

 

रक्तदान शिविर में अपर जिला दण्डाधिकारी (नक्सल) श्री सुदर्शन मुर्मू, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी श्री बिवेक कुमार सुमन, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज, जिला खेल पदाधिकारी श्री शिवेन्द्र कुमार, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा श्री रविशंकर मिश्रा सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

Leave a Reply