आलेख़

आहार भी तय करते हैं हमारे विचार : गुड़िया झा

रांची , झारखण्ड | जुलाई | 25, 2020 :: स्वस्थ भोजन से केवल हमारे शरीर की देखभाल ही नहीं होती है, बल्कि इसका सीधा असर हमारे विचारों पर पड़ता है। इसलिए हमारे सम्पूर्ण व्यक्तित्व के विकास के लिए भोजन की पौष्टिकता पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है। क्योंकि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। कुछ बातों पर ध्यान देकर इसे और भी बेहतर बनाया जा सकता है।

1, तेल और मसालों का उपयोग।
खाना बनाते समय तेल और मसालों के उपयोग पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत होती है। क्योंकि इनकी अधिकता खाने का स्वाद और पौष्टिकता दोनो को ही प्रभावित करती है। जिससे सेहत पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उचित मात्रा में इनके इस्तेमाल से स्वाद के साथ साथ पौष्टिकता भी बरकरार रहती है।
तेल और मसालों का उपयोग कम से कम करने से शरीर को पचाने में आसानी होती है। जिससे हमारे शरीर की पाचन क्रिया भी तंदरुस्त बनी रहती है। गैस, कब्ज, वजन का बढ़ना आदि कई ऐसे कारण हैं जो इनके अत्यधिक मात्रा में सेवन करने से ही होते हैं। इतना ही नहीं, खाना बनाते समय गैस के आंच को भी मध्यम रखना भी सही माना गया है। क्योंकि मध्यम आंच पर खाना बनाने से अच्छी प्रकार से बनता भी है और सब्जियों की पौष्टिकता भी बरकरार रहती है। खाने का स्वाद और सेहत के लिए इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत पड़ती है।

2, तामसी भोजन से परहेज।
तामसी भोजन का सम्बंध ऐसे भोजन से है जिसका सेवन करने से हमारे गुस्से में बढ़ोतरी होती है। जैसे- मांसहारी भोजन, अधिक तेल,मसालों वाला भोजन आदि।
शराब के अत्यधिक सेवन से भी शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बेहतर ये होगा कि घर में बने पेय पदार्थ का ही सेवन करें। जैसे- काढ़ा, नींबू पानी आदि। चाय और कॉफी के अत्यधिक सेवन से भी बचना चाहिए।

3, भोजन का सही समय निर्धारित करें।
अपने दिनभर के नाश्ते और खाने का एक निश्चित समय निर्धारित करें। उस निर्धारित समय पर ही नाश्ता और भोजन करें। इससे शरीर को सही समय पर ऊर्जा मिलती रहेगी। सुबह उठने के बाद दो घंटे के अंदर नाश्ता जरूर करें। जिसमें हरी सब्जियों के अलावा अंकुरित अनाज भी लें। दोपहर का भोजन भी सही समय पर करें। इससे गैस और अपच जैसी समस्या नहीं होगी। शाम के समय में हल्का नाश्ता और फिर रात का खाना जहां तक संभव हो जल्दी ही खा लेना उचित रहता है। खाने के बाद थोड़ी देर टहलें जरूर। इससे खाने को पचने में आसानी होगी। रात को सोते समय गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पीने से ये औषधि का काम करता है। इससे नींद भी अच्छी आती है।
रात को सोने से पहले टीवी, मोबाइल, कंप्यूटर आदि के उपयोग से बचना चाहिए।

Leave a Reply