Breaking News Latest News झारखण्ड

पत्रकारों का कोरोना वॉरियर्स ऑनलाइन सम्मान समारोह संपन्न

रांची, झारखण्ड | जून | 24, 2020 :: झारखंड के तमाम जिलों में पत्रकारों की राय में कोरोना वॉरियर्स माने गये लोगों का ऑनलाइन सम्मान समारोह आज रांची में संपन्न हुआ। राज्य के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि राज्य के कैबिनेट मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर ऊरांव थे। समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और पूर्व विधायक केशव महतो कमलेश भी बतौर अतिथि उपस्थित थे। राज्य के विभिन्न जिलों से आये झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की जिला इकाई के पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह ऑन सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस मौके पर प्रतीकात्मक तौर पर चार लोगों को वह प्रमाणपत्र भी प्रदान किये गये, जो चयनित लोगों को दिया जाने वाला है। इसके ऑनलाइन समारोह के माध्यम से कंप्यूटर पर इस कार्यक्रम को संपन्न घोषित करते ही पूर्व निर्धारित तकनीक के आधार पर उन सभी विजेताओं के ई मेल पर प्रमाणपत्र स्वतः ही प्रेषित हो गया, जो चयन समिति द्वारा चुने गये थे। शेष कोरोना वॉरियर्स को झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की जिला इकाइयों के माध्यम से प्रमाण पत्र प्रेषित किया गया है। जिला स्तर पर इन लोगों को यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान कर दिया जाएगा।
इस मौके पर समारोह के मुख्य अतिथि डॉ ऊरांव ने कहा कि कोरोना के संकटकाल में अन्य लोगों के मुकाबले पत्रकारों की जिम्मेदारी बहुत अधिक थी। यह संतोष की बात है कि झारखंड में चौथे स्तंभ के सिपाहियों ने इस जिम्मेदारी का बखूबी पालन किया है। उन्होंने अपने पुलिस जीवन के कार्यकाल में भी पत्रकारों की भूमिका की चर्चा की। राज्य के बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने उनसे भी मुलाकात कर पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा की मांग संबंधी ज्ञापन उन्हें पूर्व में ही सौंपा था। यह उनके तथा राज्य के कई अन्य विधायकों के संज्ञान में हैं। लेकिन एक सरकारी प्रक्रिया के तहत ऐसे नीति निर्धारक विषयों पर कैबिनेट में चर्चा की आवश्यकता है। जिसके बाद ही कोई फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित पत्रकारों को आश्वस्त किया कि वह अपने स्तर पर राज्य कैबिनेट में इस प्रस्ताव को मजबूती के साथ प्रस्तुत करेंगे।
राज्य के पूर्व विधायक केशव महतो कमलेश ने भी कोरोना के दौरान पत्रकारों की भूमिका की सराहना की और कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर अब तक झारखंड के पत्रकारों की भूमिका हमेशा ही उल्लेखनीय रही है। उन्होंने भी संकट के दौर में यूनियन द्वारा कोरोना योद्धाओं के लिए ऐसा सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए यूनियन को धन्यवाद दिया। इस मौके पर प्रभात खबर के सम्पादक अनुज कुमार सिन्हा ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि यह संकट की घड़ी है और पत्रकारों को यह पहले ही समझ लेना चाहिए कि आने वाले दिनों में पत्रकारों की चुनौती और कठिन होने जा रही है। लेकिन उन्होंने कहा कि असली पत्रकार के अंदर जो जज्बा होता है, वही उसे मार्ग पर टिके रहने की प्रेरणा देता है। इसलिए सभी को ईमानदारी से तथा पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य पर जुटे रहना चाहिए क्योंकि जब लोगों को लगता है कि एक रास्ता बंद हो रहा है तो नये सिरे से हजारों रास्ते खुलते चले जाते हैं। समारोह में रांची विश्वविद्यालय की योग विशेषज्ञ डॉ परिणीता सिंह का खास तौर पर सम्मान किया गया। डॉ सिंह पहले से ही यूनियन के साथ मिलकर ग्रामीण इलाकों में योग शिविरों का आयोजन करती आ रही हैं।
इस समारोह में अतिथियों का स्वागत यूनियन के अध्यक्ष रजत कुमार गुप्ता ने किया जबकि यूनियन के महामंत्री शिव कुमार अग्रवाल ने आयोजन और यूनियन की इस दौर में भूमिका पर प्रकाश डाला। समारोह में धन्यवाद ज्ञापन कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने किया।
कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए हर जिला से अधिकतम तीन पदाधिकारियों को ही कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। इन तमाम प्रतिनिधियों का भी अलग से स्वागत और अभिनंदन किया गया। समारोह में रांची के अलावा लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और सिंहभूम के पत्रकार यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्य रुप से रुद्र विश्वास , जगदीश सिंह अमृत, प्रवक्ता अरविंद प्रताप,रांची महानगर अध्यक्ष जावेद अख्तर , रंगनाथ चौबे, अरविंद स्वर्णकार, ओम प्रकाश सिंह,शकील खान,सतीश कुमार, गौतम राणा , उमेश प्रताप, कैलाश यादव , अमरनाथ पाठक, उदय चौहान, राजेश प्रसाद, सतीश शाहदेव, कयूम खान, रणधीर निधि, सबीर आलम, सुभाष कटियार, राणा गौतम , बिशु प्रसाद, हेमंत झा , विनय राज , गोविंद गोप, शिव कुमार सिंह और संदीप मिश्रा जैसे पत्रकार शामिल हुए।

Leave a Reply