जमशेदपुर, झारखण्ड । सितम्बर | 29, 2017 :: महानवमी के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने समस्त झारखंड वासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सर्वोच्च स्थान है, इसीलिए हम सभी नारी की पूजा करते हैं। दुर्गा पूजा के अवसर पर कन्या की पूजा के बिना मां दुर्गा की आराधना अधूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि नारी के बिना सृष्टि नहीं है। माँ दुर्गा महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं का सम्मान बढ़े यह संदेश हमेँ देती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने वर्तमान समय में पुरुष एवं महिला के बिगड़ते लिंग अनुपात को देखते हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को चलाया। उन्होंने सभी लोगों से अपील किया कि आज हम सब नारी का सम्मान करने का संकल्प लें। श्री रघुवर दास ने कहा कि माॅ दुर्गा हमारे बाह्य जगत और आभ्यन्तर की आसुरि शक्ति का नाश करें और सर्वत्र सकारात्मक शक्ति का संचार करें।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज महानवमी दुर्गा पूजा के अवसर पर शीतला मंदिर भालूबासा में कन्या पूजन किया तथा साकची बाजार दुर्गा पूजा पण्डाल, कृष्णा मंदिर टूईलाडूंगरी एवं केबल टाउन दुर्गा पूजा पण्डाल में माॅ दुर्गा की पूजा की।