आलेख़ लाइफस्टाइल

आ गया सेहत बनाने का मौसम :: गुड़िया झा से जानिए किन चीज़ों का रखें ख्याल

रांची , झारखण्ड |  दिसम्बर  | 13, 2020 ::  वैसे तो हम हमेशा ही अपनी सेहत के प्रति काफी सजग रहते हैं। प्रत्येक मौसम का अपना एक अलग ही आनंद है। प्रकृति ने हमारे लिए सभी मौसम के अनुसार अलग अलग फल और सब्जियों के प्रचुरता का भी अच्छा इंतजाम किया है। क्यों न हम ठंड के मौसम में मिलने वाली खाद्य पदार्थों का सेवन कर अपनी सेहत को और भी ज्यादा चुस्त दुरुस्त बनायें।

1, हरी सब्जियों का कमाल।
हरी सब्जियां तो प्रत्येक मौसम में उपलब्ध रहती हैं। लेकिन अगर ठंड की बात की जाए तो फिर इनका जवाब नहीं। सभी प्रकार की सब्जियों जैसे- पत्तागोभी, गोभी, टमाटर, मटर तथा सभी  प्रकार के साग जैसे- बथुआ, मेथी, पालक इन सभी में कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, सभी प्रकार के विटामिन तथा फाइबर प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं जिनके सेवन से शरीर चुस्त दुरुस्त बना रहता है। आंवला में विटामिन सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। त्वचा हो, बाल हो या फिर पेट के लिए भी यह सबसे अच्छा आहार माना जाता है। प्रतिदिन एक आंवले का सेवन पेट की सभी तकलीफों को दूर करता है और पाचन क्रिया को भी यह मजबूत बनाता है।

2, अदरक, लहसुन बचाये ठंड से।
अदरक पाचन क्रिया में बहुत मददगार साबित होता है। सीमित मात्रा में ही इसके सेवन से गैस की समस्या से बचा जा सकता है।
ठंड के दिनों में अदरक का सेवन शरीर को गर्माहट प्रदान करता है।   लहसुन भी कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक होता है। ठंड के दिनों में बच्चों को सरसों तेल में लहसुन पकाकर मालिश करने से उन्हें ठंड से बचाया जा सकता है। प्रतिदिन खाली पेट एक लहसुन का सेवन करने से गैस की समस्या में राहत मिलती है।

3,  पपीता, मूली  और गाजर का जवाब नहीं।
पपीता और मूली दोनों ही पेट को बीमारियों से बचाते हैं। लीवर सम्बंधी तकलीफों में पपीता और मूली का सेवन करने से बहुत ही लाभ होता है। मूली में प्रोटीन, कैल्शियम, आयोडीन और आयरन भरपूर मात्रा में होते हैं। इसके अलावा इसमें क्लोरीन, फास्फोरस, सोडियम और मैग्नीशियम भी पाया जाता है। मूली में विटामिन ए, बी और सी भी होता है। पेट में भारीपन महसूस होने पर मूली के रस में सेंधा नमक मिला कर पीने से आराम मिलता है। मूली के रस को अनार के रस में मिला कर पीने से हीमोग्लोबिन बढ़ता है। गले की सूजन को ठीक करने के लिए मूली के रस में सेंधा नमक मिलाकर गर्म कर गरारे करने से आराम मिलता है। मूली दांतों के लिए भी फायदेमंद होती है। इसमें कैल्शियम की उपलब्धता से हड्डियों को भी मजबूती मिलती है।
गाजर में बीटा कैरोटीन, विटामिन ए, बी तथा ई पाये जाते हैं। इसे सलाद, हलवा या अन्य किसी भी रूप में सेवन करने  से  यह शरीर को बीमारियों से लड़ने में मदद करता है।

4, सूप है लाजवाब।
चाय, कॉफी के अत्यधिक सेवन से हमारी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उसके जगह पर यदि हम हरी सब्जियों से बना हुआ सूप का सेवन करें, तो यह हमारी सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद साबित होगा। सूप से हमारे शरीर को भरपूर ऊर्जा मिलती है।

5, ठंड की धूप का आनंद अवश्य लें।
हमारे शरीर को जितनी आवश्यक खाद्य पदार्थों की होती है। उतनी ही आवश्कयता धूप की भी होती है। धूप से मिलने वाली विटामिन डी हमारे शरीर को चुस्त दुरुस्त बनाये रखता है। छोटे बच्चे हों या बड़े सभी के लिए धूप में की गई मालिश बहुत ही फायदेमंद होता है।

Leave a Reply