नेपाल की राजधानी काठमांडू में 29 से 31 जुलाई तक आयोजित तीसरी वर्ल्ड मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्वर्ण पदक अपने नाम कर झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में 11 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का नाम इस प्रकार है अंश कुमार सिंह, तेजस्वी कुमार, रोनिका राशि व टीम कोच अनिशा कुमारी
झारखंड के इन तीनों खिलाड़ियों का चयन पिछले वर्ष दिसंबर 2025 में आयोजित छठी नेशनल मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। चयन के बाद से ही खिलाड़ियों ने अपने कोच के मार्गदर्शन में लगातार कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास किया। उनकी इसी मेहनत और समर्पण का परिणाम आज विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया।
विश्व स्तर पर मिली इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे झारखंड में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो, तो विश्व मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद झारखंड की विजेता टीम 4 अगस्त को रांची वापस पहुंचेगी। उनके स्वागत के लिए भव्य कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है।
रांची आगमन पर खिलाड़ियों का बैंड-बाजे, फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत किया जाएगा, ताकि उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का सम्मान किया जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद इबरार कुरैशी ने कहा कि यह जीत केवल तीन खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और भारत के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने खिलाड़ियों, कोच और सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में झारखंड के और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।




