राची, झारखण्ड | फरवरी | 19, 2024 ::
सोमवार को आदिवासी छात्र संघ के द्वारा छात्रवृत्ति राशि में कटौती के विरुद्ध आदिवासी कल्याण आयुक्त का मोराबादी कल्याण कॉम्प्लेक्स में घेराव किया गया। 11 बजे से ही छात्र छात्राएं आदिवासी कल्याण आयुक्त के घेराव के लिए पहुंच गए थे। छात्रों की भीड़ को देखते हुए तुरंत ही आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा ने आदिवासी छात्र संघ केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव से संपर्क कर वार्ता के लिए छात्र संघ के एक प्रतिनिधिमंडल को प्रोजेक्ट भवन स्थित आदिवासी कल्याण आयुक्त ऑफिस में बुलाया।
प्रतिनिधिमंडल की बातों और तथ्यों को सुनने के पश्चात आदिवासी कल्याण आयुक्त ने तत्काल अधिसूचना जारी करने की बात कही। उन्होंने आश्वस्त किया कि आज ही काम हो जाएगा। साथ ही कोरोना काल के समय 2021-22 की छात्रवृत्ति के विषय पर भी वार्ता हुई।
2021-22 की छात्रवृत्ति अभी तक भुगतान नहीं हुई है इस विषय पर कल्याण आयुक्त ने कहा कि 2021-22 की छात्रवृत्ति के विषय पर आज ही अध्यादेश जारी कर दी जाएगी और सारे छात्रों को एक महीने में छात्रवृत्ति का भुगतान हो जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव, केंद्रीय मीडिया प्रभारी सुमित उरांव, रांची जिला अध्यक्ष राजू उरांव, पूर्व डीडीसी सह समाजसेवी परमेश्वर भगत, शिवम बड़ाईक, संतोष उरांव व शशि उरांव शामिल थे।मोराबादी कल्याण परिसर स्थित आदिवासी कल्याण आयुक्त के घेराव कार्यक्रम में अमित उरांव, विनोद उरांव, कार्तिक उरांव, मदन उरांव, संगीता उरांव, सुनीता उरांव, रीता टोप्पो सहित छात्रावास के छात्र-छात्राएं काफी संख्या में उपस्थित थे।




