युवाओं को नेतृत्व नीति निर्माण और सामाजिक परिवर्तन का केंद्र बनाना है
युवा आजसू का दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन का प्रथम दिन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न जमशेदपुर, 7 अगस्त। युवा आजसू का दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन का प्रथम दिवस आज टाउन हॉल, सिदगोड़ा, जमशेदपुर में उत्साहपूर्ण एवं ऊर्जावान वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार महतो उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मांडू विधायक श्री निर्मल महतो (तिवारी महतो), पूर्व मंत्री एवं केंद्रीय प्रधान महासचिव श्री रामचंद्र सहिस तथा गोमिया के पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव डॉ. लम्बोदर महतो शामिल रहे।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में झारखंड को नई दिशा देने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे जनहित के मुद्दों पर सजग, संगठित और संघर्षशील बनकर राज्य के विकास तथा बेहतर भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि “हम युवाओं के हाथों में नेतृत्व देखना चाहते हैं। जब तक युवा आगे बढ़कर नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे, तब तक प्रदेश की दशा और दिशा नहीं बदल सकती। आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व सौंपने के संकल्प के साथ यह अधिवेशन आयोजित कर रही है। चुनावी परिणाम चाहे जो हों, आजसू ने हमेशा झारखंड के विकास की एक अलग पहचान बनाई है। इस अधिवेशन के माध्यम से हमारा उद्देश्य कल, आज और आने वाले कल का सशक्त आजसू तैयार करना है।”
कार्यक्रम को केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव श्री हरेलाल महतो, प्रो. रविशंकर मौर्य, श्री संजय मेहता, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक श्री टिकैत महतो, श्री अब्दुल जब्बार, श्री पीयूष चौधरी, श्री रविन्द्र ठाकुर, श्री उज्जवल महतो, जमशेदपुर जिला संयोजक श्री मंटू शुक्ला, सुश्री राधिका साहू सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय सचिव श्री हरीश कुमार ने किया।
अधिवेशन में युवा सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, राजनीतिक भागीदारी, स्वरोजगार तथा संगठन के सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
इस अवसर पर केंद्रीय महासचिव श्री उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव श्री चंद्रगुप्त सिंह, श्री डोमन टुडू, केंद्रीय मीडिया संयोजक श्री परवाज खान, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष श्री कन्हैया सिंह, जिला प्रवक्ता श्री अप्पू तिवारी, आजसू छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष श्री बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष श्री ऋतुराज सिंह, सचिव सुश्री अंजू तिर्की, युवा नेता श्री करण महतो, श्री प्रताप सिंह, श्री अमित यादव, श्री राजकिशोर महतो सहित युवा आजसू के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




