रांची। बुद्ध विहार स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में दिल्ली से पधारे श्रद्धेय राकेश मुटरेजा जी की पावन उपस्थिति में एक विशेष सत्संग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संगत को संबोधित करते हुए सत्संग, सद्गुरु की शिक्षा एवं महापुरुषों की संगत के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सत्संग वह स्थान है जहाँ मनुष्य का वास्तविक निर्माण होता है। महापुरुषों की संगत ही हमें भीतर से तैयार करती है। एक सुंदर उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि एक बड़े पत्थर को तोड़ने के लिए अनेक प्रहार किए गए, फिर भी वह नहीं टूटा। अंत में एक महात्मा ने एक प्रहार किया और पत्थर टूट गया। लोगों ने इसे चमत्कार कहा, लेकिन वास्तव में यह केवल अंतिम प्रहार का परिणाम नहीं था; उससे पहले किए गए सभी प्रहारों का भी उतना ही योगदान था। यही संदेश है कि हर छोटा प्रयास महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने कहा कि हम सभी प्रचारक हैं। सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश है कि हमारा प्रचार केवल शब्दों से नहीं, बल्कि हमारे चरित्र, व्यवहार, भाषा और विनम्रता से होना चाहिए। जब जीवन में सद्गुरु का ज्ञान आ जाता है, तब जीवन स्वयं एक उत्सव बन जाता है। फिर किसी विशेष त्योहार की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती, क्योंकि हर दिन आनंद और उत्सव का अनुभव होता है।
उन्होंने संगत को सद्गुरु का आईना बताते हुए कहा कि आईना छोटा हो या बड़ा, वह सच्ची तस्वीर ही दिखाता है। उसी प्रकार संगत में बैठकर हमें अपने गुण, अवगुण, कमियाँ और गलतियाँ दिखाई देती हैं। संसार में हमारा अहंकार हमें अपनी वास्तविकता देखने नहीं देता, लेकिन संगत में विनम्रता आती है और वही आत्म-सुधार का सबसे बड़ा माध्यम बनती है।
उन्होंने आगे कहा कि संसार में लोग चेहरे का मेकअप करते हैं, जो कुछ समय के लिए होता है, लेकिन सत्संग में आत्मा का श्रृंगार होता है, जो स्थायी होता है। इसलिए हमें अपने भीतर के स्वरूप को सँवारने का प्रयास करना चाहिए।
राकेश मुटरेजा जी ने कहा कि महापुरुष हमें एक जलता हुआ दीपक सौंपते हैं। अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि उस दीपक की ज्योति को आगे बढ़ाएँ। सद्गुरु का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन उनके संदेश को अपने जीवन में अपनाकर और दूसरों तक पहुँचाकर हम उस ऋण के प्रति अपनी कृतज्ञता अवश्य व्यक्त कर सकते हैं।
उन्होंने संगत को प्रेरित करते हुए कहा कि संसार की नकारात्मक बातों, चुगली और पड़ोसियों की चर्चाओं में समय नष्ट नहीं करना चाहिए। यदि किसी पड़ोसी की बात करनी है, तो उस परम पड़ोसी — परमात्मा — की बात करें। अपनी ऊर्जा को नकारात्मकता में लगाने के बजाय सत्संग, सिमरन और सेवा में लगाएँ। नियमित रूप से सत्संग से जुड़े रहने से मन की नकारात्मकता स्वतः समाप्त होने लगती है।
उन्होंने यह भी कहा कि माया के प्रभाव से बचना आसान नहीं है, इसलिए संगत में बैठकर मन का कचरा निकालना आवश्यक है। कबीर साहिब की वाणी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केवल लोगों के पीछे-पीछे चलना बुद्धिमानी नहीं है। परमात्मा ने हमें विवेक दिया है, इसलिए प्रत्येक कार्य को समझकर और सोच-विचार कर करना चाहिए, न कि केवल इसलिए कि सभी लोग वही कर रहे हैं। सत्संग के उपरांत गुरु का अटूट लंगर वितरण किया गया




