राची, झारखण्ड | अप्रैल | 06, 2025 ::
जीतो का प्रतिनिधि मंडल आज महामहिम राज्यपाल श्री संतोष गंगवार से मिला और उन्हें 9 अप्रैल को आयोजित होने वाली विश्व महामंत्र दिवस के लिए निमंत्रण दिया।
विश्व नवकार महामंत्र दिवस का आयोजन जीतो विश्व के 108 देश में एवं भारत में 1000 से ज्यादा जगह पर एक साथ आयोजित कर रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में पूरे जैन समाज का सहयोग मिल रहा है। यह आयोजन विश्व शांति एवं भाईचारे के लिए किया जा रहा है। णमोकार मंत्र एक ऐसा मंत्र है जिसमें सभी संप्रदाय के लोग जप करके लाभ उठा सकते हैं। णमोकार मंत्र में अरिहंतों, सिद्धों, आचार्यों , उपाध्यायों एवं तमाम साधुओं को नमस्कार किया गया है।
विश्व नवकार महामंत्र दिवस का आयोजन रांची के सेलिब्रेशन हॉल जो करम टोली चौक के पास है वहां होना निश्चित हुआ है। यह कार्यक्रम सुबह 7:30 से 9:36 तक आयोजित किया जाएगा। दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी जुड़ेंगे एवं णमोकार मंत्र का जाप करेंगे।
यह कार्यक्रम सभी संप्रदाय के लोगों के लिए एवं विश्व शांति के लिए किया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जीतो की पूरी टीम पिछले लगभग एक महीने से प्रयासरत है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अन्य संस्थाओं का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। यह जानकारी जीतो के अध्यक्ष श्री विशाल जैन ने दी।




