राची, झारखण्ड | अप्रैल | 09, 2025 ::
5वां झारखंड इमेजिंग एक्सपो शानदार आयोजन के रूप में सफलतापूर्वक चल रहा है। उक्त आयोजन रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।एक्सपो के दूसरे दिन इस भव्य कार्यक्रम में भारत के साथ-साथ नेपाल टीवी फोटोग्राफर ने भी शिरकत किया । यहां झारखंड समेत अन्य राज्यों के फोटोग्राफरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक्सपो के दूसरे दिन रांची के भाजपा विधायक सी.पी. सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर फोटोग्राफरों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान जेपीएसी अध्यक्ष बापी घोषाल, सचिव उपेंद्र कुमार , उपाध्यक्ष शिवराम गुप्ता, अभिमन्यु कुमार, चंदेश्वर पंडित ,अभिमन्यु कुमार व महेश राव ने उन्हें अंगवस्त्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में सी.पी. सिंह ने राज्य सरकार से फोटोग्राफरों के लिए सहयोग की मांग की, ताकि यह समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त हो सके और उनकी प्रतिभा को बढ़ावा मिले।
एक्सपो में विभिन्न नामचीन कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाकर नए कैमरा उपकरणों और फोटो ग्राफिक तकनीकों की जानकारी दी। एक्सपो में झारखंड के लगभग 3500 से अधिक फोटोग्राफरों ने अब तक भाग लिया, जिनमें से कई ने झारखंड के अलग-अलग बैनर तले आकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। राज्य के बाहर से भी कई प्रसिद्ध फोटोग्राफर इस आयोजन में शामिल हुए और उन्होंने झारखंड के फोटोग्राफरों का हौसला बढ़ाया। जिसमें मुख्य रूप से बिहार फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के पटना, वैशाली, मधेपुरा ,अरवल , लखीसराय, गया, सीतामढ़ी ,दरभंगा, जहानाबाद, सिवान ,बेगूसराय ,नालंदा व नवादा के फोटोग्राफरों शामिल हुए।इन फोटोग्राफरों को एक्सपो मंच ने सम्मानित किया। मंच संचालन रांची की प्रसिद्ध नामचिन मंच संचालिका सरोज झा द्वारा बेहतर तरीके से अपनी मधुर आवाज से किया गया।
यह एक्सपो न केवल एक व्यावसायिक आयोजन था, बल्कि फोटोग्राफी के क्षेत्र में नई तकनीक और नेटवर्किंग का सुनहरा अवसर भी साबित हुआ। एक्सपो के दौरान प्रतिदिन फैशन शो का आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। फैशन शो में मॉडल्स ने विभिन्न डिजाइनों के परिधान पहनकर कैटवॉक किया, जिससे फोटोग्राफरों को लाइव शूटिंग का अनुभव मिला।
इस आयोजन ने फोटोग्राफरों को न केवल तकनीकी जानकारी दी, बल्कि उन्हें एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर भी प्रदान किया। एक्सपो की सफलता से स्पष्ट है कि झारखंड में फोटोग्राफी के प्रति जागरूकता और रुचि लगातार बढ़ रही है।




