आलेख़

अंतरराष्ट्रीय मानव एकजुटता दिवस :: 20 दिसंबर

20 दिसंबर अंतरराष्ट्रीय मानव एकजुटता दिवस
गुड़िया झा।

दुनिया भर में एकता और भाईचारे का संदेश देने के लिए विश्व स्तर पर प्रत्येक वर्ष 20 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस मनाया जाता है। इसे मनाने की शुरूआत संयुक्त राष्ट्र द्वारा 22 दिसंबर 2005 को इसकी घोषणा करने के साथ ही हो गयी थी और 2006 में पहली बार इसे मनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य मानव और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है। एकता एक ऐसी शक्ति है जिससे बड़ी से बड़ी चुनौतियों पर भी आसानी से विजय प्राप्त की जा सकती है।
राष्ट्र के सभी घटकों में भिन्न भिन्न विचारों और विभिन्न आस्थाओं के होते हुए भी आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का बने रहना एक बहुत बड़ी मिशाल है। राष्ट्रीय एकता में केवल शारीरिक समीपता ही महत्वपूर्ण नहीं होती बल्कि उसमें मानसिक, बौद्धिक, वैचारिक और भावात्मक निकटता की समानता आवश्यक है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एकता की परिभाषा को तभी सम्पूर्ण माना जा सकता है जब इसकी शुरूआत हम खुद से करें। यह छोटी सी शुरूआत ही बड़े स्तर पर जाकर एक नये युग का निर्माण कर सकती है।
इसका सबसे अच्छा उदाहरण श्री नवीन चौधरी द्वारा लिखित पुस्तक “जन्मजात विजेता” में मिलता है। उन्होंने एकता को और भी मजबूती प्रदान करने के लिए तीन सबसे महत्वपूर्ण बातें बताई हैं जो इस प्रकार हैं।

1, अपने शब्दों का सम्मान करना।
आमतौर पर हम कई बार खुद के प्रति ईमानदार नहीं होते हैं। जब हम किसी को जुबान देते हैं किसी भी कार्य को पूरा करने के लिए और उसे निर्धारित समय पर पूरा नहीं कर पाते हैं, तब हमें उसकी भरपाई के लिए संबंधित व्यक्ति से क्षमा मांगने के साथ अगले समय पर उस कार्य को पूरा करने के लिए अनुरोध के साथ ही अपनी एकता को बनाये रखना होगा। यह प्रक्रिया एक प्रेरणा का कार्य करेगा दूसरों को भी अपनी जुबान की इज्जत करने और एकता बनाये रखने के लिए।

2, शक्तिदायी अर्थ देना।
अतीत में घटी किसी भी घटना को जब हम अपने वर्तमान पर हावी नहीं होने देते हैं साथ ही उस घटना का शक्तिदायी अर्थ देकर और उससे सीख लेकर आगे बढ़ते हैं, तो कार्य को एक सही दिशा में ले जाने का मार्ग मिलता है। भविष्य हमारा बिल्कुल ही खाली है। इसे हम सकारात्मक सोच और कार्यों से सुंदर बना सकते हैं।

3, अपने कार्य की योजना बनाना और अपनी योजना के अनुसार कार्य करना।
जीवन में आगे बढ़ने और एकता बनाये रखने के लिए यह अति आवश्यक है कि अपने कार्यों की योजना पहले से बना ली जाये। इसका एक सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि समय के सही उपयोग के साथ हम अपने कार्य को सही तरीके से कर पाते हैं और मानसिक तनाव से भी बचते हैं।

Leave a Reply