Breaking News लाइफस्टाइल

हमारी सेहत और खाने की स्वस्थ आदतें : गुड़िया झा

हमारी सेहत और खाने की स्वस्थ आदतें : गुड़िया झा

शरीर को चुस्त-दुरुस्त और रोगों से लड़ने के लिए भरपूर ऊर्जावान बनाये रखना हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ पौष्टिक भोजन ही नहीं बल्कि हम क्या खाते हैं? कैसे खाते हैं? और कब खाते हैं? इन सब बातों का भी विशेष महत्व है।
1, सुबह की शुरूआत।
उठने के बाद सुबह का समय हम सभी के लिए बहुत व्यस्त और महत्वपूर्ण रहता है। सुबह उठते ही गुनगुने पानी में थोड़ा सा निम्बू का रस डालकर या फिर थोड़ा सा शहद डालकर पीने से काफी फायदेमंद होता है। खाली पेट अत्यधिक मात्रा में चाय या कॉफी के सेवन से बचना चाहिए। क्योंकि इससे गैस की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
सुबह उठने के दो घंटे के भीतर नाश्ते के लिए सबसे आदर्श समय माना गया है। ऐसे कई शोध हैं जो साबित करते हैं कि नाश्ता करने वाले लोग ज्यादा स्वस्थ रहते हैं। नाश्ता नहीं करने से हम भूखा, थका हुआ महसूस कर सकते हैं और दिन में हम खाने की ऐसी चीजों की ओर आकर्षित होते हैं, जो कम स्वास्थ्यकारी होते हैं।। नाश्ता करने के तीस या पैंतालीस मिनट के बाद पानी पियें। हमें यह भी ध्यान रखने की जरूरत है कि पानी भी हमारे शरीर के लिए उतना ही जरूरी है जितना कि भोजन। भरपूर मात्रा में पानी पीने से हमारे शरीर के सभी विषैले पदार्थ बाहर निकल जाते हैं। पेय पदार्थों के रूप में ग्रीन टी, ताजे दही का छांछ, सूप आदि लिया जा सकता है। ऐसे शीतल पेय से बचना चाहिए जिसमें चीनी की मात्रा ज्यादा हो।
2, थाली की एहमियत।
खाने की आधी थाली सब्जियों से भरी होनी चाहिए। जिसमें दाल, दही, प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ जैसे, अंडा,अंकुरित अनाज, सलाद और बाकी एक चौथाई थाली में रोटी या चावल जैसे अनाज होने चाहिए। स्थानीय मौसमी फल, सब्जियां और साबुत अनाज ज्यादा लें। अपनी थाली को आहार के रंगों से परिपूर्ण बनायें। हमारा आहार जितना रंगीन होगा, उतने ही अधिक एंटी-ऑक्सीडेंट हमारे शरीर को मिलेंगे। ये हमारे शरीर में सभी कोशिकाओं की क्षति को कम करते हैं।
3, खाने की कला।
जल्दी में हम अक्सर खाने की प्रक्रिया को नजरअंदाज कर देते हैं। जल्दी में हम जरूरत से ज्यादा या कम खा लेते हैं। इसलिए धीरे-धीरे चबाकर खाने की सलाह दी जाती है। ताकि दिमाग और शरीर को यह संवाद करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके कि हमने वास्तव में क्या और कितना खाया है?
इससे हम खाने पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे और हेल्दी खाने का चुनाव कर पायेंगे।

Leave a Reply