आलेख़

स्वास्थ, एक अनमोल धन : गुड़िया झा

रांची, झारखण्ड |  सितम्बर  | 24, 2020 :: हम अपने जीवन में बहुत कुछ पाना चाहते हैं। एक के बाद दूसरी   आवश्यकताएं, फिर तीसरी और इसी तरह हमारी आवश्यकताओं का सिलसिला लगातार जारी रहता है। सबकुछ पाने की चाहत में हम दिनरात भागदौड़ कर कड़ी मेहनत  भी करते हैं। इस दौरान मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से काफी सक्रिय रह कर हम अपनी जरूरतों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ते। लेकिन कभी- कभी हम ये बात भूल जाते हैं कि जो सबसे बड़ा धन “स्वास्थ” है, हम उसकी अनदेखी कर रहे हैं। जबकि देखा जाये तो स्वास्थ के बिना दुनिया की सभी सुख सुविधायें अधूरी हैं। हमारे पास चाहे कितने भी पैसे क्यों न हो, कितनी भी महंगी गाड़ियों में हम क्यों न घूमें, जब तक हमारा स्वास्थ अच्छा नहीं होगा, तब तक हम जीवन का सही आनंद नहीं ले सकते हैं। इसलिए सबसे पहले हमें अपने स्वास्थ पर ध्यान देने की जरूरत है।

1, स्वस्थ दिनचर्या।

अच्छी सेहत के लिए सबसे पहले अपने नाश्ते और खाने का समय निश्चित करें। जिससे हमारे शरीर को सही समय पर ऊर्जा मिलेगी। अपने भोजन में हरी सब्जियां, दालें, अंकुरित अनाज, सलाद, दूध आदि को अवश्य शामिल करें। चाय, कॉफी का सेवन कम से कम करें। उसके जगह पर गुनगुने पानी, नींबू पानी ज्यादा फायदेमंद साबित होगा।

सही समय पर सोना और सुबह जल्दी उठना अच्छे स्वास्थ की निशानी माना जाता है। अपने लिये व्यायाम करने या टहलने का समय जरूर निकालें। इससे हमारा शरीर चुस्त दुरुस्त बना रहता है। जब भी समय मिले अपने पसंद के कार्य अवश्य करें। इससे हमें काफी खुशी मिलती है।  अच्छी पुस्तकें भी पढ़ी जा सकती हैं जिससे कई प्रकार की प्रेरणादायक बातें सीखने को मिलती हैं।

2, तनाव से बचें।

जितनी अधिक थकान हमें अपने कार्यों को करने से नहीं होती है,

उससे कहीं ज्यादा थकान हमें तनाव से होती है। इसका मानसिक स्वास्थ के अलावा शारीरिक स्वास्थ पर भी बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। अत्यधिक तनाव हमारे सोचने, समझने और सही दिशा में कार्य करने की प्रक्रिया को भी प्रभावित करती है।

दूसरों के प्रति शिकायत की भावना भी हमारे तनाव का एक प्रमुख कारण है। शिकायतों को अपने मन में दबाकर रखने से  हमें परेशानियों के अलावा कुछ भी हासिल नहीं होता है। इन्हें छोड़कर ही अपने दिलो – दिमाग को सही दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। इसका सबसे बेहतर तरीका यह है कि हमारे मन में जिस प्रकार की भी शिकायतें हों उसे एक कागज पर लिख लें।

जीवन का सही आनंद लेने के लिये हमें अपने विचारों को बदलना होगा। अच्छे विचारों का सेहत पर भी अच्छा प्रभाव देखने को मिलता है। इससे हमें दुनिया की सभी चीजें खूबसूरत लगेंगी। इसलिए जिंदगी को खूबसूरत तरीके से जीने के लिए हमें अपने स्वास्थ के प्रति सावधानी तो रखनी होगी।

Leave a Reply