राची, झारखण्ड | नवम्बर | 08, 2024 ::
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) द्वारा आज एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रांची से प्रत्यशी चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह (सी.पी. सिंह) ने भाग लिया और व्यापारियों व उद्यमियों द्वारा पूछे गए विभिन्न मुद्दों का उत्तर दिया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा ने किया, जिन्होंने श्री सिंह से क्षेत्रीय विकास, व्यापारिक समस्याओं और शहरी सुधार पर सवाल पूछे। कार्यक्रम के संयोजक शैलेश अग्रवाल और अमित शर्मा (कार्यकारिणी सदस्य) थे। इस अवसर पर चैम्बर के उपाध्यक्ष राहुल साबू, उपाध्यक्ष ज्योति कुमारी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, संयुक्त सचिव विकास विजय और नवजोत अलंग समेत एफजेसीसीआई के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
श्री सी.पी. सिंह द्वारा दिए गए मुख्य आश्वासन:
बिल्डिंग रेग्युलराइजेशन बिल का कार्यान्वयन: श्री सिंह ने बिल्डिंग रेग्युलराइजेशन बिल को प्रभावी ढंग से लागू कराने का आश्वासन दिया, जिससे भवन निर्माण के नियमों में पारदर्शिता बढ़ेगी और रांची में अनियमित भवन निर्माण पर रोक लगेगी।
कृषि उपज विपणन अधिनियम का उन्मूलन: व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए उन्होंने कृषि उपज विपणन अधिनियम को समाप्त करने का समर्थन किया, जिससे कृषि उपज के व्यापार में बढ़ोतरी होगी।
व्यापारी आयोग का गठन: व्यापारिक समुदाय के हितों को ध्यान में रखते हुए, श्री सिंह ने व्यापारी आयोग के गठन में अपनी सहायता का वादा किया, जो व्यापारिक मुद्दों के समाधान में सहायक होगा।
शहरी सुधार और यातायात व्यवस्था पर ध्यान:
रांची के लगातार बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए, श्री सिंह ने यातायात व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के तहत रांची के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता जताई। यातायात को सुगम बनाने और पार्किंग समस्याओं का समाधान निकालने के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी काम करने का वादा किया, जिससे शहर में लोगों को यातायात से राहत मिलेगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार: श्री सिंह ने रांची के बुनियादी ढांचे के व्यापक विकास की बात करते हुए कहा कि आने वाले समय में सड़कों, पुलों, और जल निकासी जैसी आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। उनका कहना था कि यह सुधार रांची को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर में बदलने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस कार्यक्रम में एफजेसीसीआई के अन्य प्रमुख सदस्य, जैसे साहित्य पवन, आस्था किरण, राम बांगड़, मुकेश अग्रवाल, और पूर्व उपाध्यक्ष दिनदयाल बर्नवाल, पूर्व अध्यक्ष श्री ललित केडिया, पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी भी उपस्थित थे, जिन्होंने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।




