रांची, 13 अगस्त 2026: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा ने अपने परिसर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क विकसित करने के लिए गेल (इंडिया) लिमिटेड के साथ समझौता किया है। यह पहल भारत सरकार के गैस-आधारित अर्थव्यवस्था के दृष्टिकोण के अनुरूप स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समझौते के तहत गेल परिसर में घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए PNG पाइपलाइन नेटवर्क विकसित करेगी। इससे आवासीय क्वार्टरों, हॉस्टलों, मैस और कैंटीनों को स्वच्छ, सुरक्षित और कुशल ऊर्जा उपलब्ध होगी।
समझौता हस्ताक्षर समारोह में बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना, कुलसचिव डॉ. राजेश जैन, संस्थान के डीन तथा गेल (इंडिया) लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक पंचानन हलदर, महाप्रबंधक निखिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कुलसचिव डॉ. राजेश जैन ने कहा कि गेल के साथ यह साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा, स्थिरता, परिचालन दक्षता और छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के कल्याण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी।
यह परियोजना बीआईटी मेसरा के टिकाऊ परिसर विकास और जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।




