Breaking News Latest News कैंपस झारखण्ड

मारवाड़ी महाविद्यालय में मतदाता साक्षरता अभियान का आयोजन

राँची, 08 अगस्त 2026: राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), मारवाड़ी महाविद्यालय, राँची एवं जिला निर्वाचन कार्यालय, राँची के संयुक्त तत्वावधान में आज महाविद्यालय परिसर में मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं एवं नव मतदाताओं को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में सुधार एवं निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान 5 अगस्त 2026 को आयोजित #NewVoters हैशटैग अभियान में महाविद्यालय के स्वयंसेवकों द्वारा उत्साहपूर्वक भागीदारी करने के लिए उनकी सराहना की गई। विद्यार्थियों ने New Voter Selfie Campaign के माध्यम से अन्य युवाओं को भी मतदाता बनने एवं मतदान के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को ECI पोर्टल एवं ECI Net App के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र युवा Form 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में सुधार के लिए Form 8 का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र में नाम स्थानांतरण, नाम विलोपन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ऑफलाइन माध्यम से भी Form 6 द्वारा नाम जोड़ने एवं Form 8 द्वारा सुधार की प्रक्रिया समझाई गई।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवा लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से स्वयं मतदाता के रूप में पंजीकृत होने तथा अपने मित्रों, परिवार एवं आसपास के अन्य युवाओं को भी पंजीकरण और मतदान के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी पूरी टीम को भी इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए प्रोत्साहित किया।

 

कार्यक्रम को महाविद्यालय के निर्वाचन जागरूकता आयोजन के नोडल पदाधिकारी श्री जय प्रकाश रजक, NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सीमा चौधरी, कार्यक्रम पदाधिकारी श्री अनुभव चक्रवर्ती तथा जिला निर्वाचन कार्यालय से श्री आदित्य कुमार झा एवं श्री साहील कुमार ने संबोधित किया।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में शालिनी, अनीशा, प्रथम, मनु, गणेश सहित अन्य NSS स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है और पहला वोट लोकतंत्र में उनकी पहली महत्वपूर्ण भागीदारी है।

 

Leave a Reply