राची, झारखण्ड | अप्रैल | 23, 2025 ::
एनएसएस विशेष शिविर के चौथे दिन की शुरुआत देशभक्ति और शोक के भाव के साथ हुई। प्रतिभागियों ने सुबह की शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए पर्यटकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए गांव के आवारा कुत्तों को रेबीज रोधी टीके लगाए गए, जिससे गांववासियों ने राहत की सांस ली।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करते हुए स्वयंसेवकों ने गांव के विभिन्न घरों में कुल 50 पौधे लगाए। यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
दोपहर में The Smile Architects (Dental and Implant Centre) के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. अनुभव कुमार के नेतृत्व में निःशुल्क दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने दांतों की जांच कराई।
दिन के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से भोजन पकाया और मिल-बांटकर खाया। इस गतिविधि ने आपसी सहयोग और समर्पण की भावना को और प्रगाढ़ किया।
एनएसएस शिविर का यह दिन सेवा, स्वास्थ्य और समर्पण का प्रतीक रहा।




