रांची, झारखण्ड | दिसम्बर | 08, 2022 :: रोबोटिक्स के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाओं के मद्देनजर कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के ईसीई ब्रांच में अध्ययनरत फाइनल एवं प्री फाइनल ईयर के विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम के तहत एक सप्ताह का इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग दी गई। कोलकाता के आर्डेंट कंप्यूटर प्रा. लि. के रोबोटिक एक्सपर्ट सौभिक सरकार ने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स डिजाइन एंड डेवलपमेंट की ट्रेनिंग दी। ट्रेनिंग के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विविध प्रकार के रोबोट का प्रोटोटाइप बनाकर इसका प्रदर्शन किया गया। बता दें कि इस ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग के तत्वाधान में किया गया था। टीएनपी के प्रो. इंचार्ज डॉ केपी दत्ता ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान बच्चो द्वारा आर्डविनो आधारित लाइन फॉलोवर, ऑटोमैटिक फ्लोर क्लीनर, ऑटोमैटिक कार वाशिंग के अलावा चाय कॉफी परोसने की ऑटोमैटिक रोबोट का प्रोटोटाइप बनाकर इसका सफल प्रदर्शन किया गया। गुरुवार को कार्यक्रम के समापन समारोह में प्रमाण पत्र वितरण के बाद प्राचार्य डॉ एन हरि बाबू ने प्रशिक्षित विद्यार्थियों को संबोधित कर कहा कि आने वाले समय में रोबोटिक्स के क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को अपने कार्यक्षेत्र में इसका भरपूर लाभ होगा।




