Ìराची, झारखण्ड | दिसम्बर | 26, 2024 ::
वर्तमान समय में टुसू परब का लहर सम्पूर्ण झारखंड में शुरू हो गया है। बाजार में रंग बिरंग चौड़ल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, सामूहिक टुसू गीत मांदर , ढोल , नगाड़ा, के साथ सामूहिक टुसू नृत्य का उत्साह सम्पूर्ण झारखंड में दिखाई देने लगा है। 31 दिसम्बर 2024 को धनबाद में 5 जनवरी 2025 को जमशेदपुर में तथा 11 जनवरी 2025 को राजधानी रांची के लोग सड़क पर निकलकर टुसू परब का जश्न मनाएंगे । झारखंड के राजधानी रांची में आगामी 11 जनवरी 2025 को आयोजित “राजधानी टुसू महोत्सव – 2025” को एतिहासिक सफल बनाने के लिए आज दिनांक 26/12/24 को ऑक्सीजन पार्क मोराबादी मैदान रांची में आंदोलनकारी देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में तैयारी बैठक का आयोजन किया गया।
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि 11 जनवरी 2025 को प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी झारखंडी भाषा खतियान संस्कृति समिति के बैनर तले अल्बर्ट एक्का चौक में पारम्परिक रीति रिवाज अनुसार “राजधानी टुसू महोत्सव – 2025 का आयोजन किया जायेगा। जिसमें 24 जिला से सभी जाति , धर्म, समाज के लाखों लोग शामिल होंगे । आयोजन को सफल बनाने हेतु सेवानिवृत अधिकारी सह क्षेत्रीय भाषा लेखक अनंत कुमार महतो को संरक्षक तथा आमंत्रण पत्र वितरण टीम में पप्पू कुमार, चंदन रजक, रविन्द्र कुमार दीपक, अजहर, मोशीन, परशुराम मानकी, नवसाद को सर्व सम्मति से नियुक्त किया गया। कोष एकत्रित टीम में बंटी, विक्की, बिमल, महावीर साहू और मोनू को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। गुड़पीठा व्यवस्था में पार्वती देवी और रम्भा देवी को नियुक्त किया गया।
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि कार्यक्रम में झारखंड से सभी पद्मश्री से सम्मानित गण मान्य लोगों को, रांची जिला सभी महाविद्यालय, विश्व विद्यालय के क्षेत्रीय जनजातीय भाषा विभाग के विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर और छात्रों को , रांची से सभी प्रशासनिक अधिकारी पदाधिकारी को, रांची जिला के सभी 18 प्रखंड के आम जन को आमंत्रण किया जायेगा।
साथ ही देवेन्द्र नाथ महतो ने बताया कि कार्यक्रम पारंपरिक रीति रिवाज आधारित टुसू थापना, टुसू बंदना, सामूहिक टुसू गीत, सामूहिक टुसू नृत्य का आयोजन किया जायेगा।




