वरीयता से ग्रेड-4 वेतनमान का रास्ता
राची, झारखण्ड | अप्रैल | 27, 2025 :
जेपीएससी प्राथमिक शिक्षक संघ झारखंड की बैठक रविवार को जिला कार्यालय, रातू रोड चौक स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक का माहौल हर्षोल्लासपूर्ण रहा। इसका मुख्य कारण झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा वर्ष 2003-04 एवं उसके बाद नियुक्त प्रशिक्षित प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति नियमावली 2012 के आधार पर 2016 में नियुक्त वर्ग 6-8 से वरीय मानते हुए वर्ष 2015 से ग्रेड-4 (ग्रेड पे 4600 रुपये) का लाभ देने का निर्णय था।
यह महत्वपूर्ण फैसला झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री संजय प्रसाद द्वारा धनबाद जिले के शिक्षक संघ सदस्यों द्वारा दायर वाद पर सुनाया गया। सभी याचिकाओं को निष्पादित करते हुए अदालत ने शिक्षकों की वरीयता को स्वीकार किया। बैठक में मौजूद कोर ग्रुप के सदस्यों ने निर्णय लिया कि अगला कदम सरकार और विभागीय सचिव और निदेशक से इस आदेश को शीघ्र लागू कराने का आग्रह करना होगा।
कोर्ट के इस निर्णय से लंबे समय से लंबित वरीयता की मांग पूरी हुई और 2016 में नियुक्त वर्ग 6-8 के शिक्षकों पर वरीयता का दावा मजबूत हुआ। इसके लिए धनबाद जिला संघ के प्रयासों को विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया। बैठक में राज्य स्तर से सगुना तिर्की, शिवकुमार सिंह और जिला स्तर से अध्यक्ष सुदीप कुमार, सचिव शमीम अहमद अंसारी, शमीम रजा, मधुमिता, जया मलिक, विभा कुमारी, सचिंद्र समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



