राची, झारखण्ड | दिसम्बर | 27, 2024 ::
गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक अभिभावक गोष्ठी सह कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया । इस प्रदर्शनी में कक्षा नर्सरी से लेकर द्वितीय तक के छात्रों ने भाग लिया । हर कक्षा ने अपने-अपने विषय पर कक्षाओं को सजाया । जिसमें उनकी सहायता शिक्षिकाओं ने भी की। कक्षा नर्सरी का विषय था -‘भारत के त्यौहार’ जिनको इन्होंने बखूबी दर्शाया । जिसमें मुख्य त्योहार क्रिसमस, ईद , दिवाली तथा लोहड़ी थे। छात्रों ने अपने मॉडल से कक्षा में चार चाँद लगा दिए। केजी के बच्चों ने अलग अलग मौसमों पर क्राफ्ट प्रदर्शित किए । प्रेप के छात्रों ने अपने विषय के अनुरूप कक्षा में मेला लगा दिया । उनकी कक्षा में अभिभावकों की भीड़ लग गई और उनका विषय ‘मेला ‘सही मायने में मेला साबित हुआ । कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के मुख्य विषय थे- रंगों की दुनिया जिसमें इंद्रधनुष के रंगों के अलावा काले एवं सफेद रंगों को सम्मिलित किया गया था ।कक्षा प्रेप एवं द्वितीय की छात्राओं ने नृत्य की प्रस्तुति दी । अन्य विषयों जैसे हिंदी ,पर्यावरण अध्ययन, कंप्यूटर आदि के भी मॉडल प्रस्तुत किए गए थे । जिसे स्वयंसेवक अभिभावकों को उनके उपयोग के बारे में बता रहे थे । इस तरह की कार्यक्रमों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है । स्कूल की प्राचार्य श्रीमती डॉक्टर कैप्टन सुमित कौर, उप प्राचार्य सुश्री सोनिया कौर तथा प्रधान शिक्षिका श्रीमती हरप्रीत कौर ने बच्चों के कार्यों की बहुत सराहना की ।तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।



