राची, झारखण्ड | फरवरी | 25, 2025 ::
1 और 2 मार्च को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मॉडल रैंप वॉक से झारक्राफ्ट के उत्पादों और हस्तशिल्प का करेंगे प्रदर्शन
छठे झारखंड अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव का आयोजन दिनांक एक और दो मार्च 2025 को झारक्राफ्ट के संयुक्त तत्वावधान में मोराबादी मैदान रांची में होने जा रहा है। ज्ञातव्य है कि पिछले 5 वर्षों से झारखंड फिल्म नीति के अंतर्गत आयोजित होते आ रहे झारखंड अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव (जिफ्फा) में झारखंड की कला-संस्कृति एवं फिल्म उद्योग के साथ-साथ परंपरागत कलाकृतियां,पारंपरिक भोजन, हैंडीक्राफ्ट एवं पेंटिंग्स के विकास के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ।
इस बार आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव का उद्घाटन दिनांक 1 मार्च को झारखंड के कला और संस्कृति मंत्री सुदीव्य कुमार अपराहन 11.30 बजे करेंगे. उसके पश्चात वैश्विक स्तर पर आईं 16 देशों की 232 फिल्मों में से चयनित 56 लघु फिल्मों, फीचर फिल्मों व डॉक्युमेंट्री आदि का नि:शुल्क प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही फिल्म महोत्सव निदेशालय भारत सरकार द्वारा प्रदत्त ‘में हूं कलाम’,’भाग मिल्खा भाग’ और मेरीकॉम जैसी प्रेरक बाल उपयोगी फिल्मों का भी प्रदर्शन रांची के विभिन्न स्कूलों के छात्रों के समक्ष किया जाएगा .
ज्ञात हो कि केरल से दो मोटिवेशनल फिल्में भी इस फिल्म महोत्सव में चयनित की गई है, जिसका प्रदर्शन झारखंड मलयालम एसोसिएशन के बैनर तले कैराली स्कूल, धुर्वा ,रांची में दिनांक 1 मार्च को किया जाएगा .झारक्राफ्ट द्वारा 25 फरवरी से 10 मार्च तक पूरे झारखंड से चयनित कुटीर उद्योगों, हैंडीक्राफ्ट शिल्प मेला भी लगाया जा रहा है । जिसे जिफ़ा के माध्यम से विश्व स्तर पर प्रचारित करने के लिए एक प्लेटफार्म दिया जा रहा है ताकि झारक्राफ्ट के हस्तशिल्प उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल सके।
दिनांक 2 मार्च को संध्या 5:00 बजे से अवार्ड संध्या का आयोजन होगा जिसका उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल महामहिम संतोष कुमार गंगवार करेंगे साथ ही माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन , विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, झारखंड राज्य के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, संजय प्रसाद यादव, विधायक उदयशंकर सिंह , भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं माननीय ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे को आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड के प्रतिभाशाली फिल्मकारों, कलाकारों एवं फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य कर्मियों को बॉलीवुड एवं हॉलीवुड की प्रसिद्ध हस्तियों के द्वारा अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। ज्ञात हो कि इस अवसर पर देश की प्रसिद्ध गायिका उषा मंगेशकर, राकेश रोशन निर्देशक अनिल शर्मा, एक्टर सुनील शेट्टी ,एक्ट्रेस सुमबुल तौकीर , अक्षरा सिंह ,विवेक ओबेरॉय, उत्कर्ष शर्मा एवं म्यूजिक कंपोज़र मोंटी शर्मा जैसी फिल्मी हस्तियां उपस्थिति रहेगी.
ऑनलाइन स्क्रीन पर दुनियाभर की फिल्मी हस्तियां झारखंड की कला -संस्कृति ,सिनेमा शिल्प एवं हैंडीक्राफ्ट से रूबरू होंगीं.
पोलैंड से पधारी अभिनेत्री नटालिया जानोसजेक एवं शिवानी शर्मा के स्टेज परफार्मेंस के अलावा झारखंड के लोकनृत्यों का प्रदर्शन हजारों की संख्या में उपस्थित युवाओ को उत्साहित करेगा.




