राँची, 25 जुलाई 2026। खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार के अस्मिता अभियान के तहत झारखंड में सेपकटकरा अस्मिता लीग का शुभारंभ 26 जुलाई 2026 से होने जा रहा है। इस लीग का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की खेलों में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना, उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक अवसर प्रदान करना तथा खेलों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड एवं संबंधित जिला सेपकटकरा एसोसिएशनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस लीग के प्रथम चरण की प्रतियोगिताएँ राँची के मनन विद्या स्कूल तथा धनबाद के क्रीसेंट इंटरनेशनल स्कूल में कल आयोजित होंगी। इसके पश्चात द्वितीय चरण की प्रतियोगिताएँ 2 अगस्त 2026 को देवघर इंडोर हॉल एवं गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएँगी।
राँची में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता स्थल, खेल उपकरण, तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति, खिलाड़ियों के पंजीकरण, मैच संचालन तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ अंतिम रूप दे दी गई हैं। आयोजन समिति ने विश्वास व्यक्त किया है कि राँची में बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेंगी और प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
इसी प्रकार धनबाद में भी प्रतियोगिता की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। क्रीसेंट इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के पंजीकरण, तकनीकी अधिकारियों एवं खेल सामग्री सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर दी गई हैं।
आज इस विषय पर एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमे सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष श्री उदय साहू, चेयरमैन श्री सुनील सूर्यांत, शिवेंद्र दूबे, चंचल भट्टाचार्य, मनोज कुमार महतो, राजकुमार जैन, कुणाल साह, विभूति भूषण अमर, राजीव रंजन, देव रत्न चौधरी, अमरेंद्र दत्त द्विवेदी आदि मौजूद थे.श्री उदय साहू ने बताया कि अस्मिता लीग में विभिन्न आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने और झारखंड में सेपकटकरा खेल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।



