राची, झारखण्ड | मई | 13, 2025 ::
सीबीएसई के द्वारा आयोजित सत्र 2024-25 का माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया है। विद्या विकास समिति, झारखण्ड; विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली की प्रादेशिक इकाई है। समिति द्वारा प्रदेश में भारतीय चिंतन, भारतीय संस्कृति व जीवनादर्श पर आधारित शिक्षा प्रदान किया जा रहा है। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के नाम से शहरों, ग्रामों एवं जनजातीय क्षेत्रें में छोटे-बड़े 213 औपचारिक विद्यालय तथा नगरीय उपेक्षित बस्तियों में 209 सरस्वती संस्कार केन्द्र तथा जनजातीय क्षेत्र में 344 सरस्वती शिक्षा केन्द्र संचालित हो रहे हैं। प्रांत द्वारा कुदलुम, नगड़ी, राँची में शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय भी संचालित है। पुरे प्रांत में सीबीएसई द्वारा मान्यता प्राप्त कुल 26 विद्यालय हैं। कक्षा दशम की परीक्षा में कुल 3042 भैया-बहन (छात्र) सम्मिलित हुए जिसमें प्रथम स्थान पर 1738 जिसमें सर्वाधिक अंक 97.2 प्रतिशत रहा। कक्षा द्वादश के विज्ञान संकाय में कुल 928 भैया-बहन (छात्र) सम्मिलित हुए जिसमें प्रथम स्थान पर 731 जिसमें सर्वाधिक अंक 96.8 प्रतिशत रहा। कक्षा द्वादश के वाणिज्य संकाय में कुल 465 भैया-बहन (छात्र) सम्मिलित हुए जिसमें प्रथम स्थान पर 326 जिसमें सर्वाधिक अंक 97.8 प्रतिशत रहा। कक्षा द्वादश के कला संकाय में कुल 68 भैया-बहन (छात्र) सम्मिलित हुए जिसमें प्रथम स्थान पर 51 जिसमें सर्वाधिक अंक 96.2 प्रतिशत रहा।
ज्ञात हो कि कई जिलों में अपने विद्यालयों के भैया-बहनों ने सर्वश्रेष्ठ प्रथम 10 में अपना स्थान बनाया है।
विद्या भारती, झारखंड द्वारा संचालित सीबीएसई एवं जैक बोर्ड के कक्षा दशवीं एवं बारहवीं के सभी संकायों में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले भैया/बहनों के लिए मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाता है। इस वर्ष यह समारोह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सेक्टर 9/डी, बोकारो में जून 2025 के प्रथम सप्ताह में आयोजित होगी। विद्या भारती, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री रामअवतार नारसरिया, प्रदेश मंत्री डॉ. ब्रजेश कुमार, प्रदेश सचिव श्री नकुल कुमार शर्मा एवं समिति के सभी अधिकारियों ने भैया-बहनों की उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



