राची, झारखण्ड | मई | 02, 2025 ::
सूचना और प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा आयोजित वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट सम्मिट (waves) 1-4 मई 2025 को जिओ वर्ल्ड सेंटर मुंबई में आयोजित किया जा रहा है। इसमें 3 मई को आयोजित सामुदायिक रेडियो स्टेशन पर राष्ट्रीय सम्मेलन में विशेषज्ञ रिसोर्स पर्सन के रूप में डॉ आनंद कुमार ठाकुर, सहायक प्राध्यापक, जंतु विज्ञान विभाग, रांची विश्वविद्यालय को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। डॉ. आनन्द के कमर्शियल और कम्युनिटी रेडियो में विशेष योगदान को देखते हुए सूचना प्रसारण में भारत सरकार सामुदायिक रेडियो विंग के निदेशक ने आमंत्रित किया है। ज्ञात हो रांची विश्वविद्यालय का सामुदायिक रेडियो खांची 90.4 एफएम की स्थापना डॉ. आनन्द के नेतृत्व में हुआ था।
सामुदायिक रेडियो पर राष्ट्रीय सम्मेलन में नवीनतम रुझानों, नीतियों और कार्यक्रमों से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और उन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा ताकि सामुदायिक रेडियो के साथ जुड़ाव को मजबूत करने की क्षमता विकसित की जा सके।
डॉ आनन्द मुख्यरूप से सामुदायिक रेडियो के विस्तार, कंटेंट डेवलपमेंट की चुनौतियां, सामुदायिक सहभागिता, सामुदायिक रेडियो पर स्थानीय खबरों का प्रसारण जैसे महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर अपना विचार रखेंगे। स्नातकोत्तर जंतु विज्ञान विभाग, रांची विश्वविद्यालय की विभागध्यक्ष एवं डीन (साइंस) डॉ बंदना कुमारी और विभाग के सभी शिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं।




