Breaking News Latest News कैंपस ख़बरें जरा हटके झारखण्ड

सर्वश्रेष्ठ आयोजन कराने के लिए झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को मिला दूसरा स्थान

राची, झारखण्ड  | जून |  14, 2025 ::

✦ झारखंड में मिला गौरव, राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ आयोजनकर्ताओं में हुआ शामिल।

✦ राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2024-25 का सर्वश्रेष्ठ आयोजन कराने के लिए झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को मिला देशभर में दूसरा स्थान, दिल्ली में मिला सम्मान।

✦ झारखंड को मिले गौरव पर माननीय मुख्यमंत्री, माननीय विभागीय मंत्री समेत स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के पदाधिकारियों ने खेल कोषांग की पूरी टीम और राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को दी बधाई।

========================

झारखंड ने एक बार फिर अपनी संगठन क्षमता और खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का लोहा मनवाया है। राष्ट्रीय स्कूली खेल कूद प्रतियोगिता (SGFI) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में देशभर में हुए आयोजनों के मूल्यांकन में झारखंड को “देश का दूसरा सर्वश्रेष्ठ आयोजनकर्ता राज्य” घोषित किया गया है। यह सम्मान स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार को उसके उत्कृष्ट प्रबंधन, समर्पित टीमवर्क और खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।

 

इस उपलब्धि ने झारखंड को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के ठहराव, भोजन, स्वास्थ्य सुरक्षा, मैदानों की गुणवत्ता, तकनीकी व्यवस्थाएं और समग्र समन्वय को देशभर से आए विशेषज्ञों और अधिकारियों ने उच्च स्तर का बताया। नई दिल्ली में SGFI की वार्षिक आम बैठक में झारखंड की ओर से खेल प्रभाग के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन सोरेंग और खेल कोषांग से श्री चंद्रदेव सिंह को यह सम्मान दिया गया।

 

झारखंड सरकार की यह उपलब्धि राज्य की खेल नीतियों, जमीनी क्रियान्वयन और प्रशासनिक दृढ़ता का प्रमाण है। यह सम्मान राज्य के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा और झारखंड को भविष्य में और बड़े आयोजनों की मेज़बानी के लिए तैयार करेगा।

 

* झारखंड एकमात्र राज्य, जिसने एक भारत श्रेष्ठ भारत का खिलाड़ियों को बोध कराया

 

दिल्ली में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय स्कूली खेल के वार्षिक आम बैठक में एसजीएफआई के निदेशक श्री दीपक कुमार ने झारखंड की तारीफ करते हुए कहा कि झारखंड देश का इकलौता राज्य है, जिसने अतिथि खिलाड़ियों को एक भारत श्रेष्ठ भारत का बोध कराया। राज्य ने खिलाड़ियों के स्वागत में रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस स्टेशन में सांस्कृतिक एवं पारंपरिक तौर तरीकों से खिलाड़ियों का अभिनंदन किया, ऐसा पहले कहीं नहीं हुआ था। राज्य ने खिलाड़ियों के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया, जिसने खिलाड़ियों के उत्साह को और बढ़ा दिया।

 

राज्य को मिले इस गौरवपूर्ण सम्मान पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, विभागीय मंत्री श्री रामदास सोरेन, विभागीय सचिव श्री उमाशंकर सिंह, राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन सोरेंग ने खेल कोषांग के सभी पदाधिकारियों, कर्मियों और राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बधाई दी है।

 

इस उपलब्धि पर माननीय विभागीय मंत्री श्री रामदास सोरेन ने कहा कि यह सम्मान पूरे राज्य की मेहनत और समर्पण का प्रतीक है। राज्य सरकार झारखंड को खेलों का गढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यहां खेलो और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए कई कार्यक्रम और योजनाएं चल रही है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग भी लगातार माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खेल के क्षेत्र में झारखंड के खिलाड़ियों, यहां की खेल संरचना के विकास और ग्रामीण स्तर तक खेलो के प्रचार प्रसार को सुनिश्चित करने में लगा है।

 

विभागीय सचिव श्री उमाशंकर सिंह ने कहा कि यह गौरवपूर्ण क्षण झारखंड के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाले समय में राज्य को खेल जगत में और ऊँचाइयों तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Leave a Reply