◆ महात्मा गांधी और लाल बहादुर की जयंती पर राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू तथा मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने श्रद्धांजलि अर्पित की
◆ हम अपने जीवन में खादी अपनाएं और सादा जीवन उच्च विचार को बढ़ावा दें –श्रीमती द्रौपदी मुर्मू राज्यपाल
◆ स्वावलंबन स्वभाषा स्वशासन और सुशासन को बढ़ावा दें – रघुवर दास मुख्यमंत्री
रांची, झारखण्ड । अक्टूबर | 02, 2017 :: स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस व गांधी जयंती के दिन हर कोई खादी के वस्त्र पहनें। इससे गरीब का भला होगा और लोगों को अपने घर के बने कपड़े पहनने का आनंद मिलेगा। उक्त बातें राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कहीं। श्रीमती मुर्मू मोरहाबादी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह बापू के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि हमारे देश में भगवान बुद्ध के बाद यदि किसी महामानव को महात्मा की उपाधि मिली है, तो गांधी जी को। यह उपाधि उन्हें देश के प्रति समर्पण के लिए मिली है। हमारी सरकार महात्मा गांधी के बताये रास्ते पर चल रही है। हम स्वावलंबन, स्वभाषा, स्वशासन और सुशासन को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। लोगों को वनोपज से उत्पाद तैयार करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रकृति की गोद मे बसे झारखंड में देश का 62 प्रतिशत लाह व 82 प्रतिशत तसर होता है। इनके विकास के लिए राज्य में लाह व तसर के लिए बोर्ड का गठन किया गया है। लाह के उत्पाद दुनिया के चार देशों में निर्यात किये जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार यहां की उद्यमशील महिलाओं को प्रशिक्षित कर तैयार उत्पादों को देश-दुनिया के बाजारों में बेचा जायेगा। इसी प्रकार सिल्क के उत्पादों में भी झारखंड देश में अग्रणी बन सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मीठी क्रांति के आह्वान पर राज्य सरकार मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देगी। राज्य की गरीबी को समाप्त करने के लिए सरकार वचनबद्ध है। वर्ष 2022 तक उन्होंने देश से गरीबी समाप्त करने का मंत्र दिया है। झारखंड सरकार 2022 तक राज्य से गरीबी समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। मुख्यमंत्री श्री दास ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादूर शास्त्री को भी याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी जैसे महामानव के कारण ही देश आज अनाज के लिए आत्मनिर्भर बन पाया है।*
*कार्यक्रम में झारखंड राज्य खादी बोर्ड द्वारा प्रशिक्षित लोगों को 16 सिलाई मशीन, 12 लाह किट व 10 चरखा 80 प्रतिशत अनुदान पर दिया गया।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद रामटहल चौधरी, विधायक रामकुमार पाहन, जीतू चरण राम, श्रीमती गंगोत्री कुजूर, मेयर श्रीमती आशा लकड़ा, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती उषा पाण्डेय, बड़ी संख्या में टाना भगत समुदाय के प्रतिनिधि व अन्य अतिथि उपस्थित थे।