Breaking News Latest News झारखण्ड

रसिया न माने होली खेलत मन न अघाय :: संस्कार भारती का होली मिलन संपन्न

रांची, झारखण्ड | मार्च | 25, 2019 :: संस्कार भारती का होली मिलन कार्यक्रम संपन्न हुआ। राँची के वरिष्ठतम कलाकारों की जमघट के बीच इस होली मिलन में संस्कारयुक्त रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये।
सर्वप्रथम संस्कार भारती के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष उमेशचन्द्र मिश्र, उपाध्यक्ष राकेश रमण, मंत्री डाॅ॰ सुशील कुमार अंकन, राँची महानगर के उपाध्यक्ष आशुतोष प्रसाद, महानगर कोषाध्यक्ष बिपिन कुमार शरण, संगीत विधा संयोजक सुशील कुमार मिश्र ने सम्मिलित रूप से दीप जलाकर इस उत्सव का शुभारंभ किया। परम्परा के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत संस्कार भारती के ध्येय गीत ‘साधयति संस्कार भारती भारते नवजीवनम्’ गाकर हुआ।
ज्योतिर्मय नादब्रह्म संगीत महाविद्यालय के संचालक एवं शास्त्रीय गायक जयप्रकाश सिंह के होली गीत ‘‘कैसी ये होरी मचाई अचरज लख्यो न जाई ’’ और ‘‘रसिया न माने होली खेलत मन न अघाय’’ ने उपस्थित दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद प्रसिद्ध गायिका निलिमा ठाकुर नेे होली के दो गीत सुना कर सब को मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर उपस्थित शिवानी सिंह ने हिन्दी और बंगला गीत गाकर सबको होली की मस्ती में डुबो दिया। इसी तरह विकास कुमार का भोजपुरी गीत ‘‘अखियाँ भइले लाल एक नींद सुते दा बलमुआ’’ सुकुमार मुखर्जी का ‘‘बनवारी लाल का कुकुर’’ और कृष्णबल्लभ सहाय का मुरली वादन ने भी पूरे कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम के अंत में राकेश रमण लिखित एवं निर्देशित एक लघु नाटक ‘वीरू का वसंत’ मंचित हुआ। जिसमें प्रेमशंकर, ईलारानी, ओम मिश्र, आर्येश, अक्षरा और राहुल ने दमदार अभिनय किया। नाटक का थीम था आज वसंत के आने पर भी युवा पीढ़ी इससे अनभिज्ञ हैं ओर इसके महत्त्व को न समझ कर आधुनिकता के जाल में फंसे और उलझे हैं। नाटक का संगीत पक्ष संभाला था सुशील कुमार मिश्र ने तथा नृत्य निर्देशिका थी वन्दिनी मिश्रा और शमिष्ठा राॅय।
संस्कार भारती के इस होली मिलन उत्सव में विशेष तौर पर सुधा मिश्रा, निलिमा ठाकुर, शिवानी सिंह, धर्मराज राय, विश्वनाथ प्रसाद, कीर्तिशंकर वर्मा, झरना चक्रवर्ती, अशोक गौड़, ओम प्रकाश, शंकर पाठक, रोशन प्रकाश सहित अन्य कई गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डाॅ॰ सुशील कुमार अंकन, शशिकला पौराणिक और प्रीति रागिनी ने सम्मिलित रूप से किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अजय मलकानी ने किया।

Leave a Reply