Latest News झारखण्ड

लोहरदगा में कहर बरपा रही बारिश : गाड़ी सहित चार लोग बह गए दक्षिणी कोयल नदी में, रेस्क्यू जारी

लोहरदगा, झारखण्ड । जुलाई | 26, 2017 :: झारखंड के लोहरदगा में गाड़ी सहित  चार लोग दक्षिणी कोयल नदी में बह गए, रेस्क्यू जारी है। अभी तक इनका पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के मुताबिक, सीठियो स्थित दक्षिणी कोयल नदी में चार लोग बह गए हैं। बहने वालों में दो महिला और दो पुरुष शामिल हैं। ये लोग मरीज को लेकर डालटेनगंज से रांची जा रहे थे। अचानक बोलेरो एंबुलेंस बाढ़ की चपेट में आ गई। प्रशासन रेस्क्यू में जुटा है। लोहरदगा में चार लोगों के बहने की सूचना के बाद मौके पर डीसी विनोद कुमार और एसपी कार्तिक एस पहुंचे।
बताया गया कि एंबुलेंस में 6 लोग सवार थे। चालक गौतम कुमार और घर का दामाद राकेश कुमार रजक बच निकले। बेटी आभा प्रिया- 18 वर्ष, बेटा कोशल कुमार रजक 25 वर्ष, बीमार पिता गोपाल प्रसाद उम्र 55 वर्ष और मां शांति देवी 50 वर्ष डूब गए। बाढ़ में गाड़ी अहले सुबह लगभग 3.30 बजे के फंस गई थी। निकालने की कोशिश की गई, 5.30 बजे के करीब लोग नदी के तेज बहाव बह गए।
घटनास्थल से 15 किलोमीटर दूर कोराम्बे पुल के समीप कोयल नदी में दो व्यक्ति को डूब कर जाते देखा गया है। सेन्हा थाना प्रभारी जगरनाथ उरांव ने इसकी पुष्टि की है। बचाने का प्रयास विफल हो गया है।

गौरतलब है कि पिछले चार-पांच दिनों से झारखंड में हो रही भारी बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। सभी नदियां खतरे के निशान से काफी उपर बह रहे हैं। द. कोयल नदी तो सीठियो पुल के 4 फीट उपर बह रहा है। लोहरदगा-बेड़ो का संपर्क टूट चुका है। लोहरदगा के कई गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। लोहरदगा शहरी क्षेत्र स्थित विकटोरिया टैंक बड़ा तालाब में पहाड़ी क्षेत्र से उतरने वाले पानी से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। सैकड़ों घर जलमग्न होने को हैं। बारिश की वजह से कई लोगों की जान भी जा चुकी है। कई गरीबों के मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कुल मिलाकर यह बारिश लोहरदगा में कहर बरपा रही है।

कयूम खान, लोहरदगा।

Leave a Reply