बदलापुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सेंट जेवियर्स विद्यालय बदलापुर में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने भी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के प्रेरणादायक जीवन, अद्भुत खेल कौशल और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का आधार हैं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और अनुशासन विकसित करने का भी सशक्त माध्यम हैं।
विद्यालय के चेयरमैन थॉमस जोसेफ, डायरेक्टर बालशेमा वल्की, प्राचार्या ज्योत्सना थॉमस, प्रधानाध्यापक अभय मैथ्यू, उप-प्राचार्य संजय यादव तथा शारीरिक शिक्षक देव कुमार सेन, संदीप सिंह, दिनेश चौधरी एवं यमुना कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। आयोजन से विद्यालय परिसर में खेल भावना और देशभक्ति का उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।




