एकजुट
Latest News झारखण्ड राष्ट्रीय

एकजुट के 15 साल पूरे : 19 से 21 नवंबर तक लगेगी फोटो एवं पोस्टर प्रदर्शनी

एकजुट

रांची, झारखण्ड । नवम्बर | 18, 2017 :: एकजुट संस्था देश के एक लाख से अधिक गांवों में कार्य कर रही है। 15 साल पहले पश्चिमी सिंहभूम के 200 गांवों से संस्था ने काम शुरू किया था। ये बातें आज एकजुट की तकनीकी प्रबंधक डाॅ निर्मला नायर ने रांची के एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कही। डाॅ नायर एकजुट के 15 साल पूरे होने के अवसर पर संवाददाताओं के साथ अपने अनुभव साझा कर रहीं थीं। उन्होंने बताया कि संस्था ने नवजात एवं माता स्वास्थ्य मुद्दे से काम करना शुरू किया था। यह काम बढ़कर आज पोषण, किशोरी स्वास्थ्य, लिंग आधारित हिंसा, शहरी बेघरों के अधिकार, महिला श्रमिकों के अधिकार सहित सामुदायिक स्वास्थ्य से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तारित हो गया है।

मौके पर पद्मश्री फोटोग्राफर सुधारक ओल्वे ने कहा कि एकजुट द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में गांवों में किये जा रहे कार्यों ने उन्हें 11 साल पहले आकर्षित किया था और तब से इनकी गतिविधियों को कैमरे में कैद करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता में आ रहे बदलावों को उन्होंने कैमरे में कैद किया है, और इसके कारण संस्था के प्रति उनका जुड़ाव गहरा हुआ है।

इस क्रम में जर्मन फोटोग्राफर हेलेना शेजेल ने कहा कि संस्था की खासियत यह है कि वैज्ञानिक तरीके से काम करते हुए भी समुदाय के साथ पूरी तरह जुड़ी रहती है। ऐसे कार्यों को कैमरे में कैद करना एक फोटोग्राफर के लिए उपलब्धि होती है। संस्था के पाॅलिसी एडवोकेसी मैनेजर राजकुमार गोप ने कहा कि संस्था के किये गए कार्यों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की चर्चित पत्रिका – लेन्सेट ने सराहना की है। साथ ही विश्व स्वास्थ्य संगठन ने संस्था के बेहतरीन कार्यों को देखते हुए ’पब्लिक हेल्थ चैंपियन’ के खिताब से सम्मानित किया है।

मौके पर प्रियंका शर्मा ने बताया कि शहरी बेघरों के अधिकारों के लिए काम करना चुनौती मानी जाती है, लेकिन एकजुट अपनी सशक्त कार्यनीति के बदौलत रांची एवं धनबाद शहर में यह काम कर रही है। साथ ही इस काम में सरकार को भी तकनीकी सहयोग दे रही है।

एकजुट के स्केल अप मैनेजर विकास नाथ ने बताया कि 19 से 21 नवंबर तक रांची के संत जेवियर्स काॅलेज स्थित फा. डी. ब्रावर हाॅल में लगने वाली फोटो एवं पोस्टर प्रदर्शनी में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों को प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि काॅलेज में यह प्रदर्शनी लगाने के पीछे विद्यार्थियों एवं युवाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने के प्रति लगाव पैदा करना है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।

फोटो एवं पोस्टर प्रदर्शनी का कार्यक्रम
दिनांक: 19-21 नवंबर 2017
स्थान: संत जेवियर काॅलेज, रांची
समय: 10 से छह बजे तक

Leave a Reply