Breaking News Latest News झारखण्ड बिज़नेस

रांची में सेबी कार्यालय के बंद होने से हो रही कठिनाईयों पर चर्चा

राची, झारखण्ड | मई | 02, 2024 ::

झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के कैपिटल मार्केट फाइनेंस उप समिति की बैठक चैंबर भवन में संपन्न हुई। बैठक के दौरान इस व्यापार में संलग्न डिस्ट्रीब्यूटर्स को सशक्त बनाने की आवश्यकता महसूस की गई। कहा गया कि म्युचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स, इंश्यॉरेंस एजेंट्स, कैपिटल मार्केट के ब्रोकर या सब ब्रोकर के लोगों का एक संगठित एसोसियेशन बनना चाहिए। उप समिति चेयरमेन विकास सहाय ने कहा कि इस कार्य में लगभग 4000 से अधिक लोग जुडे हुए हैं। उन सभी के एक प्लेटफॉर्म पर संगठित होने से व्यापार को मजबूती मिलेगी और निवेशकों को भी लाभ होगा। रांची में सेबी कार्यालय के बंद होने से हो रही कठिनाईयों पर भी चर्चा की गई। कहा गया कि पूर्व में रांची के कलेक्टोरेट ऑफिस में सेबी कार्यालय खोला गया था जो अब बंद है। रांची में पुनः सेबी कार्यालय खोलने के कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण लोहिया के प्रस्ताव पर सेबी और वित्त मंत्रालय को पत्राचार करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में कैपिटल मार्केट में कमीशन का स्ट्रक्चर यूनिफॉर्म नहीं होने के कारण होनेवाली परेशानियों पर भी चर्चा की गई और इसे व्यवहारिक बनाने की आवश्यकता महसूस की गई। चर्चाओं के क्रम में उप समिति द्वारा बीएसई, एनएसई और एनएसडीएल के चेयरमेन को चैंबर भवन में आमंत्रित कर, सम्मानित करने की भी सहमति बनाई गई। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि वर्तमान में बीएसई के चेयरमेन प्रमोद अग्रवाल रामगढ़ के निवासी हैं तथा वे हमारे बीच के हैं।

बैठक में यह भी कहा गया कि व्यापारियों के बीच कैपिटल मार्केट की समझ और जागरूकता होनी जरूरी है। कैंपिटल मार्केट की पूरी जानकारी होने पर व्यापार में ग्रोथ भी संभव है। यह निर्णय लिया गया कि विशेषकर चैंबर सदस्यों के लिए उप समिति द्वारा एक नियमित अंतराल पर कैपिटल मार्केट से जुडे विषय पर टॉक-शो का आयोजन किया जायेगा।

बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, प्रवीण लोहिया, कैपिटल मार्केट फाईनेंस उप समिति के चेयरमेन विकास सहाय, सदस्य कुमार प्रशांत गुप्ता और आरएन द्विवेदी उपस्थित थे।

Leave a Reply