रांची, झारखण्ड । नवम्बर | 15, 2017 :: झारखण्ड स्थपना दिवस पर रांची के विभिन्न क्षेत्रों से तिरंगे का उल्लास लिये दस हजार बच्चे मोरहाबादी मैदान में जमा हुए। राज्य के 17वीं वर्षगांठ पर 17 छात्राओं ने मुख्यमंत्री के साथ 1000 पाउन्ड का विशाल केक काटा और 10 हजार से अधिक बैलून आसमां की ओर हैप्पी बर्थ डे झारखण्ड के नारों को लिये उड़ गये।
इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य के नैनिहाल धरती आबा बिरसा मुंडा के सपनों को पूरा करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने हमें झारखण्ड दिया है और वर्तमान प्रधानमंत्री ने खुशहाल झारखण्ड बनाने का संकल्प दिया है। झारखण्ड की जनता को बहुत बधाई क्योंकि आज आर्थिक विकास में भारत का दूसरा राज्य झारखण्ड है। विकास की यह उड़ान रूकेगी नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड के बच्चे देश और दूनियां में राज्य का नाम रौशन करेंगे। इन बच्चों के उल्लास में नये झारखण्ड का आगाज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन राज्य के सवा तीन करोड़ जनसंख्या के उल्लास और उत्साह का दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य एक-एक जन की खुशहाली की ओर हमें बढ़ना है। बैलूनों से सजे आसमां के विहंगम दृश्य ने सबका मन आह्लादित कर दिया।
कार्यक्रम के बाद बच्चों के बीच केक का वितरण हुआ। अहले सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, राज्य की मुख्य सचिव श्रीमती राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अमित खरे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, गृह विभाग के प्रधान सचिव एस.के.जी. रहाटे, मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल, सचिव स्कूली साक्षरता विभाग श्रीमती अराधना पटनायक, रांची के उपायुक्त मनोज कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और बच्चे उपस्थित थे।