झारखण्ड

पुलिस के शौर्य कार्य के कारण ही आज हमारा राज्य सुरक्षित : रघुवर दास ( मुख्यमंत्री, झारखण्ड )

रांची, झारखण्ड । नवम्बर | 14, 2017 :: झारखण्ड स्थापना दिवस परेड एवं झारखण्ड पुलिस अलंकरण समारोह 2017 के अवसर पर आज मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 25 नए पुलिस भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया| मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को शुभकामना देते हुए कहा कि आज जो भी पदाधिकारी सम्मानित हुए है उनको जनता की ओर से शुभकामना है| उन्होंने कहा कि संविधान में सभी की सुरक्षा की गारंटी दी गयी है| झारखण्ड सरकार सभी समुदाय के लोगों को बिना किसी भेदभाव के सुरक्षा दे रही है| वैसे जवान जो इस राज्य को उग्रवाद या अपराध मुक्त समाज बनाने के क्रम में शहीद हुए है उनको नमन है| उन्होंने कहा कि आज सभी को संकल्प लेने की जरुरत है कि शहीद जवानों के सपने को साकार करने हेतु सब मिलकर प्रयास करेंगे|विगत तीन वर्ष में राज्य से उग्रवाद उन्मूलन के क्षेत्र में पुलिस को सफलता मिली है|
मुख्यमत्री ने कहा कि पुलिस के शौर्य कार्य के कारण ही आज हमारा राज्य सुरक्षित है| पुलिस लक्ष्य तय कर काम करें, इसमें कोई कोताही न हो| झारखंड का उग्रवादमुक्त व अपराधमुक्त राज्य बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। इसमें काफी सफलता मिली है। राज्य में शांति, कानून-व्यवस्था का माहौल कायम करने में पुलिसकर्मियों का योगदान सराहनीय है। सरकार भी पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए कृतसंकल्पित है। इसी कड़ी में त्योहार और छुट्टियों में अपने परिवार से दूर रहकर कर्त्तव्य निभानेवाले पुलिसकर्मियों को एक माह का अतिरिक्त वेतन दिया जायेगा। एक जनवरी 2018 से इसका लाभ मिलेगा। इसी प्रकार एसीबी में कार्यरत कर्मियों को 25 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। यह भी एक जनवरी 2018 से लागू होगी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अच्छा माहौल प्रदान करने के लिए आवास बनाये जा रहे हैं। स्मार्ट थाने भी बनाये जा रहे हैं। अब पुलिसकर्मियों को भी स्मार्ट होना होगा। लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें। हर समय अलर्ट रहें।
उन्होंने कहा कि शहरों को अपराधमुक्त बनाने के लिए सफेदपोश अपराधियों को भी चिह्नित करें। कितना भी बड़ा आदमी क्यों न हो, बचना नहीं चाहिए। सरकार की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं है। इसी प्रकार गांव में उग्रवादियों के नाम पर मुखौटा ओढ़े अपराधियों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। ऐसे लोग विकास कार्य रोक रहे हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने में भी पुलिसकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। दिसंबर तक रांची में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम हो जायेगा। इसके बाद अन्य शहरों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे। इससे अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 15 नये पुलिस अनुमंडल, छह साइबर थाने, तीन यातायात थाने, 14 नये थाने तथा दो ओ0पी0 बनाये जाने को मंजूरी दी गयी है। आज के डिजीटल युग में पुलिसकर्मियों को भी तकनीक की जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए भी सरकार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशिष्ट इंडिया रिजर्व (आदिम जनजाति) बटालियन में 956 आरक्षियों की नियुक्ति की गई है, तथा विभिन्न जिलों एवं झा0स0पु0 हेतु झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग, राँची के द्वारा आरक्षी के पद पर नियुक्ति हेतु अनुसंशित 9429 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जा रही है। साथ ही झारखण्ड पुलिस के अन्तर्गत विभिन्न पदों पर नियुक्ति हेतु अधियाचना झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग को भेजी गई है।
माननीय उच्च न्यायालय एवं जिला/अनुमण्डल न्यायालयों तथा कारागारों की सुरक्षा को दृष्टि में रखते हुए झा0स0पु0 की चार बटालियन तथा राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औद्योगिक ईकाईयों की सुरक्षा हेतु राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल का 05 अतिरिक्त बटालियन का सृजन प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त उग्रवाद प्रभावित स्थानों, विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए हरेक जिलों में आवश्यकतानुसार नये पुलिस अनुमण्डलों/थानों /ओ0पी0/टी0ओ0पी0 का सृजन प्रस्तावित है।
झारखण्ड सरकार की महत्वकांक्षी पहल के तहत राज्य के कुल 12 जिलों के घोर उग्रवाद-ग्रस्त क्षेत्रों के युवक एवं युवतियों को सहायक पुलिस के रूप में कार्य करने एवं समाज की मुख्य धारा से जोड़े रखने के लिए अनुबंध आधारित कुल दो हजार पांच सौ सहायक पुलिस के सृजित पदों पर अधिकांशतः जिलों में नियुक्ति पूर्ण हो चुकी है।
इस मौके पर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि पुलिस देश की आंतरिक सुरक्षा का काम करती है| दक्ष सक्षम और कुशल पुलिस की जरुरत हर राज्य को होता है| झारखण्ड पुलिस पर जनता को विश्वास है और हमें झारखण्ड पुलिस पर गर्व है| आतंकवाद, साइबर क्राइम, महिला के प्रति क्राइम आज झारखण्ड पुलिस के लिए चुनौती है| इसके लिए जरुरी है समस्या को गहराई से समझ कर गहराई से अनुसन्धान किया जाए| सरकार पुलिस के आधुनिकीकरण हेतु प्रयासरत है| आज के डिजिटल युग में इसकी जरुरत है| झारखण्ड पुलिस क्राइम कण्ट्रोल के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है | सरकार पुलिस के आधारभूत संरचना को भी सुदृढ़ करने का प्रयास कर रही है| राष्ट्र निर्माण के लिए पुलिस काम करती है|

सुशासन में पुलिस को मेहनत और ईमानदारी से काम करना है | त्वरित कार्रवाई, न्याय और संविधान के प्रति सभी पुलिस बल सजग रहे| उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि झारखण्ड पुलिस सत्य निष्ठा के साथ काम करेंगे| झारखण्ड स्थापना दिवस परेड एवं झारखण्ड पुलिस अलंकरण समारोह में जिन पदाधिकारियों को पदक मिला है उनको शुभकामना| बाकि लोग में इस सम्मान के लिए और अच्छा काम करें| हम अमर जवानों के प्रति हृदय के सम्मान प्रकट करते है।
प्रधान सचिव गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन एस के जी रहाठे ने इस अवसर पर कहा कि झारखण्ड स्थापना दिवस परेड एवं झारखण्ड पुलिस अलंकरण समारोह के अवसर पर पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों जिन्हें वीरता के लिए सम्मानित किया है उनको शुभकामना है| सरकार राज्य को अपराध मुक्त करन हेतु संकल्पित है| सरकार ने इसके लिए कई महत्वपूर्ण पहल किये है| आज झारखण्ड में स्मार्ट पुलिस स्टेशन, साइबर थाना, डायल 100 आदि कि शुरुआत की गयी है| आने वाले समय में पुलिस का आधुनिकीकरण किया जाएगा| 3000 पुलिस अवर निरीक्षक, 1500 पुलिस कर्मियों की नियुक्ति अगले कुछ महीने में होगा| मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के दिशा निदेश पर पुलिस का नया चेहरा दिखेगा| और पुलिस बेहतर ढंग से राज्य की सुरक्षा का काम करेगी|
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक डी के पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि सुरक्षित राज्य, समृद्ध राज्य, और सबका साथ साथ विकास को झारखण्ड पुलिस पूरे मन से पूरा करने का प्रयास कर रही है| झारखण्ड पुलिस के हाथ में झारखण्ड सुरक्षित है| 31 दिसंबर तक का समय है नाक्सलियो के पास| नक्सलियों से आग्रह है कि तय समय से पहले समर्पण कर दें, नहीं तो मारे जायेंगे| झारखण्ड पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिन रात लगी हुई है| आने वाले दिनों में झारखण्ड पुलिस का चेहरा बदल जायेगा| झारखण्ड में अपराधों पर पूर्ण नियंत्रण हेतु अनुसन्धान विभाग कमर कस के काम कर रही है|
झारखण्ड पुलिस ने साइबर क्राइम को समाप्त करने के लिए साइबर अपराधियों के विरूद्ध मुहिम चला रही है| साइबर क्राइम को समाप्त करने के लिए जिला स्तर पर प्रत्येक सप्ताह और डी जी के लेवल पर प्रत्येक सोमवार को बैठक आयोजित की जा रही है| स्थापना दिवस के दिन 89 पुलिस अधिकारियों को पदक से सम्मानित किया जा रहा है| मुख्यमंत्री की सोच और संकल्प के साथ झारखण्ड पुलिस लहू के अंतिम बूंद तक संघर्ष करेंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही बेहतरीन काम करनेवाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र दिये। इस दौरान मुख्य सचिव श्रीमती राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव श्री अमित खरे, गृह विभाग के प्रधान सचिव श्री एस0के0जी0 रहाटे, डीजीपी श्री डीके पांडेय समेत बड़ी संख्या में वरीय पुलिस पदाधिकारी, जवान उपस्थित थे।

Leave a Reply