स्कूल ऑफ योगा, रांची विश्वविद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में जिला स्तरीय, राज्य स्तरीय एवं विभिन्न योग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक एवं पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें भविष्य में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ योग एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
स्कूल ऑफ योगा ,रांची विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. आशीष झा एवं कोऑर्डिनेटर डॉ. रेणु कुमारी ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. संतोषी साहू, डॉ. प्रवीर चटर्जी एवं डॉ. मनीष कुमार सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मंच संचालन स्कूल ऑफ योग की योग प्रशिक्षिका रजनी बक्शी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक रूप से संचालित करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्कूल ऑफ योगा एवं रांची विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का संकल्प लिया।




