Breaking News Latest News कैंपस ख़बरें जरा हटके झारखण्ड राष्ट्रीय लाइफस्टाइल

रांची में महिला यूनिवर्सिटी की नींव, बेटियों को शिक्षा से आत्मनिर्भर बनाने की पहल

रांची। राजधानी रांची में प्रस्तावित महिला यूनिवर्सिटी की स्थापना की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। वर्ल्ड बुद्धा फाउंडेशन, बुद्धिस्ट मिशन कैंपस, बोधगया रोड में आयोजित भूमि पूजन एवं फाउंडेशन स्टोन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रामदास अठावले ने प्रस्तावित विश्वविद्यालय को महिला शिक्षा और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्राओं को प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक अध्ययन का अवसर मिलेगा। शिक्षा के साथ रोजगार, व्यवसाय और स्वरोजगार के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा का प्रभाव केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा समाज सशक्त होता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं की पढ़ाई पैसे के अभाव में बाधित न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था किए जाने की बात कही गई।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. हरीश सांकृत्यायन ने बताया कि विश्वविद्यालय में पारंपरिक शिक्षा के साथ व्यावसायिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। प्राथमिक स्तर से उच्च शिक्षा तक अध्ययन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कार्यक्रम में वर्ल्ड बुद्धा फाउंडेशन के ट्रस्टी अनिल कुमार तिवारी, रेखा शर्मा सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply