राँची, 14 अगस्त 2026। मारवाड़ी महाविद्यालय, राँची के स्वामी विवेकानन्द सभागार में शुक्रवार को फरवरी 2020 के बाद सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों के सम्मान में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के 21 सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनकी दीर्घकालीन शैक्षणिक सेवाओं और संस्थान के विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। महाविद्यालय की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों को स्मृति-चिह्न, अंगवस्त्र एवं अन्य भेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक महाविद्यालय की नींव के पत्थर हैं। उनके ज्ञान, परिश्रम और समर्पण से संस्थान समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि उसके द्वारा शिक्षित विद्यार्थी और स्थापित परंपराएँ उसकी यात्रा को आगे बढ़ाते हैं।
वरिष्ठ शिक्षक डॉ. आर. आर. शर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का स्वाभाविक पड़ाव है, लेकिन शिक्षक का सामाजिक दायित्व समाप्त नहीं होता।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल की स्मृतियाँ एवं अनुभव साझा किए।




