रांची। कडरू स्थित हज हाउस में फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह 2026 में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच छात्रवृत्ति का वितरण तथा करियर काउंसलिंग का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित Gen Z के युवाओं से संवाद करते हुए शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आज पूरा देश नई पीढ़ी की ऊर्जा, सोच, सवाल करने की क्षमता और बदलते नजरिए को समझना चाहता है। उन्होंने कहा कि Gen Z अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक है, सत्ता और व्यवस्था से सवाल पूछने का साहस रखती है तथा अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर और केंद्रित है। इस पीढ़ी से हमें बहुत कुछ सीखने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता और नई पीढ़ी के बीच उम्र का अंतर स्वाभाविक है। ऐसे में जरूरी है कि अभिभावक अपने बच्चों की सोच और आकांक्षाओं को समझें, उनके विचारों का सम्मान करें और उन्हें सही दिशा एवं सकारात्मक मार्गदर्शन दें। बच्चों पर अपनी इच्छाएं थोपने के बजाय उनकी प्रतिभा और रुचि को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए।
बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मैट्रिक या इंटरमीडिएट के बाद किसी भी बेटी की पढ़ाई न रोकें। उन्हें उच्च शिक्षा हासिल करने दें, अपने सपनों को पूरा करने दें और जीवन में अपनी पहचान बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दें। बेटियां केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और देश की ताकत हैं।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षित बेटी अपने साथ पूरे परिवार को आगे बढ़ाती है। बेटियों की शिक्षा केवल एक परिवार का भविष्य नहीं बदलती, बल्कि पूरे समाज और देश के भविष्य को बदलने की क्षमता रखती है। इसलिए हर अभिभावक का दायित्व है कि वे अपनी बेटियों को शिक्षा, अवसर और आत्मनिर्भर बनने का पूरा अधिकार दें।
मंत्री ने सम्मानित होने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने ज्ञान, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग समाज और देश के निर्माण में करना ही वास्तविक सफलता है।




