राची, झारखण्ड | मई | 06, 2025 ::
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न संवर्गों के 19 पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार, सार्वजानिक क्षेत्र के उपक्रम, आइसीएआर और राज्य कृषि विश्वविद्यालयों की सेवा से अवकाशप्राप्त लोगों से आवेदन आमंत्रित किये गये हैं I इन पदों पर नियुक्तियां आरंभिक रूप से 6 महीने के लिए होंगी जिसे संतोषप्रद पाए जाने पर विश्वविद्यालय के परिनियम तथा झारखण्ड सरकार के वित्त विभाग के संकल्प में निहित प्रावधानों के आलोक में विस्तारित किया जा सकता है I
पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट द्वारा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 मई है I अकादमिक प्रशासन से जुड़े पदों के लिए आवेदन शुल्क अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर तथा पिछड़े वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 1500 रु तथा एससी/ एसटी उम्मीदवारों के लिए 375 रु है I शेष सभी पदों के लिए आवेदन शुल्क अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर तथा पिछड़े वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 1000 रु तथा एससी/ एसटी उम्मीदवारों के लिए 250 रु है, जिसे ऑनलाइन जमा करना होगा I
फूलो झानो मुर्मू दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, हंसडीहा, दुमका, रबीन्द्रनाथ टैगोर कृषि महाविद्यालय, देवघर, तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, गोड्डा, कृषि महाविद्यालय, गढ़वा, मात्सियिकी विज्ञान महाविद्यालय, गुमला तथा कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय, रांची में एसोसिएट डीन के पद पर वैसे अवकाशप्राप्त लोग आवेदन कर सकते हैं जिनकी उम्र 1 अगस्त, 2025 को 63 वर्ष से अधिक नहीं है I इस पद के लिए अर्हता सम्बंधित विषय में पीएच डी डिग्री, प्रकाशित अनुसंधान कार्य तथा कॉलेज/ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर/ एसोसिएट प्रोफेसर सहित कुल 15 वर्षों का शिक्षण/ अनुसंधान/ प्रशासन का अनुभव है I
विश्वविद्यालय मुख्यालय में अपर निदेशक प्रसार शिक्षा तथा चियांकी (पलामू), दरिसाईं (पूर्वी सिंहभूम) एवं दुमका स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्रों के एसोसिएट डायरेक्टर के पदों पर आवेदन के लिए भी अधिकतम उम्र सीमा 63 वर्ष है I कृषि/ पशुचिकित्सा विज्ञान/ वानिकी में पीएच डी डिग्री तथा शिक्षण/ अनुसंधान/ प्रसार शिक्षा का 10 वर्षों का अनुभव आवश्यक है I
उप निदेशक (कार्य एवं संयंत्र), उप निदेशक प्रशासन, कनीय अभियंता (सिविल), सुरक्षा पदाधिकारी तथा सुरक्षा पर्यवेक्षक के पदों के लिए भी अवकाशप्राप्त सरकारी कर्मी आवेदन कर सकते हैं I मेडिकल ऑफिसर तथा विधि सहायक के पदों पर नियुक्ति के लिए अवकाशप्राप्त सरकारी कर्मी के साथ-साथ फ्रेश उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं I विधि सहायक के लिए कानून में स्नातक डिग्री, कंप्यूटर का ज्ञान तथा प्रतिष्ठित संस्थान में दो वर्षों का विधिक कार्य का अनुभव आवश्यक है I मेडिकल ऑफिसर के लिए अर्हता चिकित्सा विज्ञान में स्नातक डिग्री, मेडिकल प्रैक्टिशनर के रूप में पांच वर्षों का अनुभव है I सभी पदों के लिए चयनित अवकाशप्राप्त कर्मियों के फिक्स्ड मासिक मानदेय का निर्धारण झारखण्ड सरकार के वित्त विभाग के संकल्प में निहित प्रावधानों के तहत होगा I योग्यता, नियम, शर्तों के बारे में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय के वेबसाइट www.bauranchi.org पर उपलब्ध है I
बीएयू परिनियम के अनुसार वर्तमान में स्थाई नियुक्ति का अधिकार झारखण्ड लोक सेवा आयोग तथा झारखण्ड राज्य कर्मचारी चयन आयोग को है I




