Breaking News Latest News ख़बरें जरा हटके खेल झारखण्ड

पाँच जनवरी को झारखंड के 33 खेल सितारों को मिलेगा जयपाल सिंह मुंडा खेल रत्न पुरस्कार

राची, झारखण्ड  | जनवरी |  02, 2025 ::

झारखंड में खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने और प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, उम्मीद फाउंडेशन के द्वारा आगामी 5 जनवरी को जयपाल सिंह मुंडा खेल पुरस्कार का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन रांची के आड्रे हाउस में होगा, जहां राज्य के 33 उत्कृष्ट खिलाड़ियों और उनके कोचों को सम्मानित किया जाएगा।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में फाउंडेशन के सदस्य रितेश उरांव ने बताया कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य उन खिलाड़ियों को पहचान और प्रोत्साहन देना है, जिन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का नाम रोशन किया है।

वहीं संस्था के खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रदीप मिर्धा ने कहा, “उम्मीद फाउंडेशन हर साल ऐसे खिलाड़ियों को सम्मानित करता है, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। झारखंड में खेलों की अपार संभावनाएं हैं, और हमारी संस्था इन प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयासरत है।”

* महिलाओं की भी भागीदारी पर जोर

फाउंडेशन की महिला विंग की केंद्रीय अध्यक्ष संगीता तिर्की ने झारखंड की महिला खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा, “हमारी महिला खिलाड़ियों ने न केवल राज्य बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उम्मीद फाउंडेशन महिलाओं को खेल के प्रति जागरूक करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है।”

* सम्मान समारोह के केंद्र में खिलाड़ी और कोच

फाउंडेशन के संस्थापक सचिव निरंजन भारती ने इस पुरस्कार समारोह को झारखंड के सबसे बड़े खेल पुरस्कारों में से एक बताते हुए कहा, “जयपाल सिंह मुंडा की जयंती पर आयोजित यह समारोह खिलाड़ियों और कोचों के सम्मान का प्रतीक है। यह हमारे खेल जगत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

* इन खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान

सम्मानित किए जाने वाले खिलाड़ियों में दीपिका कुमारी, अंकिता भगत, ब्यूटी डुंगडुंग, हॉकी में संगीता कुमारी, बाबूलाल हेंब्रम,मनीष मुंडा, अभिषेक लकड़ा, आलोक लकड़ा, शीला कुमारी स्नेहा थापा जैसे नाम शामिल हैं। साथ ही इन खिलाड़ियों को तैयार करने वाले कोचों को भी सम्मानित किया जाएगा।

 

Leave a Reply