राची, झारखण्ड | जनवरी | 02, 2025 ::
राजधानी रांची मे कटहल मोड़ रोड पर पुंदाग मे झारखंड राज्य का सबसे बड़ा राधा कृष्ण का मंदिर का उद्घाटन एवं श्री राजश्यामा जी (राधा कृष्ण) मंदिर की पूजा पधरावणी ( प्राण प्रतिष्ठा) 5 जनवरी 2025 को होने जा रहा है। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल निर्मल जालान, सचिव मनोज चौधरी एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता मे विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शुभारंभ ट्रस्ट के संस्थापक एवं संरक्षक संत शिरोमणि श्री श्री 1008 स्वामी श्री सदानंद जी महाराज के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर प्रणामी समाज के 20 संत- महात्मा उपस्थित रहेंगे। वृंदावन से संत शिरोमणि डॉ स्वामी सदानंद महाराज एवं सिलीगुड़ी से परम पूज्य मोहन प्रियाचार्य महाराज के सानिध्य में संपूर्ण पूजन अनुष्ठान होगा। तथा शहर के 1500 से भी अधिक गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। तथा झारखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी भक्तगण पधार रहे हैं। इस पूजा पधरावणी के मुख्य यजमान सरिता- विजय अग्रवाल (सुपुत्र श्रीमती विद्या देवी अग्रवाल- स्व० दौलत राम अग्रवाल) होंगे। इस मंदिर का निर्माण 7 वर्षों मे पूर्ण हुआ है। लगभग 30 डिसमिल भूखंड पर मंदिर का निर्माण हुआ है जिसकी ऊंचाई 40 फीट और लंबाई 80 फिट है। निर्माण 3500 वर्ग फीट में किया गया है। मंदिर राजस्थान के संगमरमर सफेद पत्थर एवं टाइल्स से मंदिर बना है। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में श्री कृष्ण की जन्म से लेकर महाभारत काल तक की झांकियां दिखाई गई है। मंदिर के पहले तल्ले पर सद्गुरु कृपा अपना घर सत्य प्रेम सभागार बनाया गया है जहां मानसिक रूप से कमजोर एवं निराश्रय और दिव्यांग प्रभु जी की सेवा की जाती है। 5 जनवरी से 8 जनवरी तक चार दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा वाणी चर्चा एवं बीतक कथा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक होगा।




