Breaking News Latest News कैंपस खेल झारखण्ड

राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता : सरायकेला के सोम मुर्मू बने ओवरऑल बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

गिरिडीह ने दोनों वर्गों में जीता खिताब, झारखंड को मिले फुटबॉल के नए सितारे

रांची स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव के प्रैक्टिस ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता 2026–27 का शनिवार को हुआ भव्य समापन। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची द्वारा आयोजित तीन दिनों तक चले इस आयोजन में राज्य के सभी 24 जिलों से आए 12 वर्ष से कम आयु के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और खेल भावना से दर्शकों एवं खेल विशेषज्ञों को प्रभावित किया।

आज के समापन समारोह के मुख्य अतिथि कांके के माननीय विधायक श्री सुरेश कुमार बैठ थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के रेफरी विभाग के प्रबंधक श्री राहुल गुप्ता, ऑपरेशन प्रबंधक श्री अनुप कुमार तथा जेएसएसपीएस की सुश्री पुष्पा हसा उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।

वही अपने संबोधन में माननीय विधायक श्री सुरेश कुमार बैठ ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा विद्यालय स्तर पर शुरू की गई यह पहल राज्य में फुटबॉल की मजबूत नींव तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक आयु में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर मिलने से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। यदि वे निरंतर अनुशासन, समर्पण और अभ्यास बनाए रखें, तो भविष्य में फीफा और डूरंड कप फुटबॉल प्रतियोगिता जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले अनेक खिलाड़ी इसी प्रतियोगिता से निकलेंगे।

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास, तकनीकी दक्षता और खेल भावना का प्रदर्शन किया, वह झारखंड में फुटबॉल की उज्ज्वल संभावनाओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा प्रारंभ की गई लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता अब प्रतिभा संवर्धन का प्रभावी मंच बन चुकी है और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देंगे।

प्रतियोगिता परिणाम के बालिका वर्ग में हुवे रोमांचक फाइनल मुकाबले में गिरिडीह ने सिमडेगा को 1–0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि साहेबगंज तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ग के व्यक्तिगत पुरस्कार में प्लेयर ऑफ द मैच – अन्नू कुमारी (गिरिडीह),बेस्ट गोलकीपर – सिमरन मार्की (सिमडेगा),प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – एंजल टोपनो (सिमडेगा)

वही बालक वर्ग के खिताबी मुकाबले में गिरिडीह ने रामगढ़ को 1–0 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। पाकुड़ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।जबकि व्यक्तिगत पुरस्कार में प्लेयर ऑफ द मैच – संजय हेंब्रोम (गिरिडीह),बेस्ट गोलकीपर – आयुष तिर्की (रामगढ़),प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – नीतीश मरांडी (गिरिडीह)

 

इस प्रतियोगिता के ओवरऑल बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

सोम मुर्मू (सरायकेला) को मिला जिसने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ओवरऑल बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के सम्मान से नवाज़ा गया। कार्यकम का संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों, तृतीय स्थान प्राप्त टीमों तथा व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के सभी विजेता खिलाड़ियों को राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह,परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग तथा खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया है।

 

Leave a Reply