रांची जिला दुर्गा पूजा समिति की बैठक ओसीसी क्लब दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में अध्यक्ष राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूजा आयोजकों से विचार-विमर्श के बाद पंडालों के पट खोलने एवं प्रतिमा विसर्जन की तिथि पर सर्वसम्मति बनी। अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष प्रमुख पूजा पंडालों के पट 14 अक्टूबर से श्रद्धालुओं के लिए खुलने लगेंगे, जबकि 21 अक्टूबर को दोपहर एक बजे से विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा। मुख्य संरक्षक मुनचुन राय ने कहा कि रांची नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा आयोजक 21 अक्टूबर को विसर्जन को लेकर एकमत हैं। भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार, रामलला दुर्गा पूजा समिति, ओसीसी, रांची रेलवे स्टेशन, ज्योति संगम और राजस्थान मित्र मंडल सहित प्रमुख पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।




