गढ़वा, झारखण्ड | नवम्बर | 17, 2022 :: राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2022 के मौके पर जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से गुरूवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रमेश घोलप एवं पत्रकारों ने संयुक्त रूप से भगवान नारद मुनि की तस्वीर पर माल्यार्पण कर एवं दीप जलाकर किया।
मौके पर उपायुक्त रमेश घोलप ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया की राष्ट्र निर्माण से लेकर लोगों के व्यक्तिगत जीवन निर्माण में भी अहम भूमिका है।
यदि किसी के सकारात्मक कार्य अथवा प्रयासों को मीडिया के माध्यम से पूरे समाज को जानकारी दी जाती है तो और बेहतर कार्य करने के लिए लोगों का मनोबल बढ़ता है तथा वे और भी बेहतर काम कर पाते हैं। साथ ही समाज के अंतिम लोगों की समस्या को मीडिया में उजागर होने के बाद वैसी समस्याओं को दूर किया जाता है तथा वैसे लोगों के लिए सरकार भी योजनाएं बनाकर लागू करती है।
उपायुक्त ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आइना है।
मीडिया के माध्यम से उजागर किये गये मुद्दे पर प्रशासन एवं सरकार भी कार्रवाई करती है।
सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं लोगों को अपने हक, अधिकार के लिए जागरूक करने का काम भी मीडिया ही करती है।
उन्होने कहा कि समाज को मीडिया पर अधिक भरोसा है इसलिए मीडिया की गुणवता एवं विश्वसनीयता बनाये रखना बेहद जरूरी है।
गढ़वा जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि पत्रकार की भुमिका ऐसी होनी चाहिए कि किसी की जिंदगी बदल दे।
जैसे नारद मुनि ने रत्नाकर की जिंदगी बदल दी थी। उन्होने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ माना जाता है। यह चौथा स्तंभ सरकार ने नहीं बल्कि समाज ने बनाया है।
पत्रकारों के उपर समाज की बहुत ही बड़ी जिम्मेवारी है।
सच्चाई को कभी छुपने नहीं दें। अच्छे कार्यों को हमेशा बढ़ावा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में मीडिया की बहुत बड़ी भूमिका है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष विवेकानंद उपाध्याय ने कहा कि मीडिया को लोकतंत्र में चौथा स्तंभ माना जाता है। किसी भी राष्ट्र एवं समाज की उन्नति के लिए मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
आज के समय में मीडिया का काफी विकास हुआ है। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अब सोशल मीडिया का भी प्रचलन बढ़ गया है।
परंतु मीडिया के कार्यों में भी कुछ गिरावट आयी है।
कभी-कभी लोग सबसे पहले की होड़ में खबरों की सत्यता की परख नहीं कर पाते हैं। गढ़वा जिला पत्रकार संघ के महासचिव धीरेंद्र चौबे ने कहा कि आज के समय में तमाम आरोपों के बाद भी पत्रकारिता मिशन है। कभी भी कोई पत्रकार राष्ट्र विरोधी खबर प्रकाशित नहीं करता।
पत्रकार विनय पांडेय ने गजल के माध्यम से पत्रकारिता की स्थिति को प्रस्तुत किया।
नित्यानंद दुबे ने भी अपना विचार व्यक्त किया।
मौके पर मुख्य रूप से जिला पंचायती राज पदाधिकारी दिनेश सुरीन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत पांडेय, गढ़वा जिला पत्रकार संघ के सचिव संजीव शर्मा, विजय प्रताप देव, संदीप शौर्य, चंदन कश्यप, धमेंद्र सिंह, प्रताप तिवारी, लव दुबे, विकास कुमार, अभिमन्यू पाठक, सुधीर कुमार, राजा पांडेय, अतुल धर दुबे, पीयूष तिवारी, आयुष तिवारी सहित कई अन्य पत्रकार उपस्थित थे।