राची, झारखण्ड | अगस्त 14, 2024 ::
मांडर की विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विशेष आमंत्रण पर आज नयी दिल्ली में उनसे हुई मुलाकात बहुत ही प्रभावशाली रही. श्रीमती तिर्की ने कहा कि उन्होंने श्री गांधी से बस एक ही बात कही कि कांग्रेस पूरे देश में लोगों के दिलों में है और आम जनमानस की भावनाओं को समझकर यदि रणनीति तैयार की जाये तो इसका सकारात्मक परिणाम होगा. इसके साथ ही अनेक वैसी जटिल समस्याओं के समाधान में सहायता मिलेगी जो पिछले 10 साल में पैदा हुई है.
13 अगस्त को फोन पर श्री गांधी के कार्यालय ने श्रीमती तिर्की को 14 अगस्त को श्री गाँधी की होनेवाली एक विशेष बैठक और मुलाकात के लिये आमंत्रित किया.
आज हुई मुलाकात के दौरान श्री गांधी ने श्रीमती तिर्की से झारखण्ड में कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति के साथ ही सरकार की गतिविधियों की भी जानकारी ली. श्री गाँधी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आनेवाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र एकजुटता के साथ इंडिया गठबंधन चुनाव लड़ेगा और लोगों को सच्चाई और ज़मीनी हक़ीक़त बताने की जरूरत है.




