Breaking News Latest News कैंपस झारखण्ड

मारवाड़ी महाविद्यालय में ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ अभियान का लाइव प्रसारण आयोजित

राँची, 2 अगस्त। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज प्रारंभ किए गए “विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा” अभियान के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), मारवाड़ी महाविद्यालय, राँची द्वारा महाविद्यालय के जे. सी. बोस सभागार में कार्यक्रम के लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई।

लाइव प्रसारण से पूर्व राँची विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. किशोर सुरीन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी श्री जय प्रकाश रजक ने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स तथा प्रतिभागियों को “विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा” की शपथ दिलाई और लाइव प्रसारण उपरांत संक्षिप्त कार्यक्रम का संचालन किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अभियान का सीधा प्रसारण देखा। लाइव प्रसारण में युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के माननीय केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का संबोधन, नशामुक्ति विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का प्रेरणादायी उद्बोधन शामिल था। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में नशे के स्थान पर कला, संस्कृति, खेल, योग और ध्यान को अपनाएँ तथा स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

लाइव प्रसारण के उपरांत मुख्य अतिथि डॉ. किशोर सुरीन ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरण चलाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने अपने संबोधन में युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आग्रह किया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर नशे की बढ़ती प्रवृत्ति तथा उसके दुष्परिणामों का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के एनसीसी नोडल पदाधिकारी डॉ. अवध बिहारी महतो, बांग्ला विभाग के प्राध्यापक डॉ. बैद्यनाथ कुमार तथा बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सीमा चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी श्री अनुभव चक्रवर्ती, एन आई सी के श्री अभिजीत कुमार एवं सुश्री रीमा कुजुर ,स्वयंसेवक अभिषेक, मनु, यति, शालिनी, निरंजन , अश्विनी ,ज्योति, आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Leave a Reply